Page Loader
उत्तर प्रदेश: भाजपा छोड़ने वाले तीसरे मंत्री दारा सिंह भी हुए समाजवादी पार्टी में शामिल
भाजपा छोड़ने वाले तीसरे मंत्री दारा सिंह भी हुए सपा में शामिल

उत्तर प्रदेश: भाजपा छोड़ने वाले तीसरे मंत्री दारा सिंह भी हुए समाजवादी पार्टी में शामिल

Jan 16, 2022
03:19 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने वाले भाजपा के तीसरे मंत्री दारा सिंह चौहान भी समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए हैं। आज सपा प्रमुख अखिलेश यादव की मौजूदगी में उन्होंने पार्टी का दामन थामा। उनके साथ भाजपा की सहयोगी पार्टी अपना दल के विधायक आरके वर्मा भी सपा में शामिल हुए। इस मौके पर अखिलेश ने कहा कि भाजपा ने केवल तोड़ने की राजनीति की है और वो विकास की राजनीति पर ध्यान देंगे।

परिचय

OBC समुदाय के प्रभावशाली नेता हैं चौहान, रह चुके हैं सांसद

दारा सिंह चौहान अन्य पिछड़ा दल (OBC) समुदाय के प्रभावशाली नेता माने जाते हैं और वे लोकसभा और राज्यसभा सांसद भी रह चुके हैं। बुधवार को इस्तीफा देने से पहले वे योगी सरकार में पर्यावरण और वन मंत्री थे और उनका जाना भाजपा के लिए एक बड़ा झटका है। चौहान भाजपा छोड़कर सपा में शामिल होने वाले आखिरी बड़े नेता हैं और कल ही अखिलेश ने कहा था कि अब वे किसी अन्य नेता को अपनी पार्टी में नहीं लेंगे।

अन्य मंत्री

शुक्रवार को समर्थक विधायकों संग सपा में शामिल हुए थे अन्य दो मंत्री

बता दें कि चौहान से पहले उत्तर प्रदेश सरकार से इस्तीफा देने वाले भाजपा के अन्य दो मंत्री, स्वामी प्रसाद मौर्य और धर्म सिंह सैनी भी शुक्रवार को सपा में शामिल हो चुके हैं। उनके साथ उनके छह समर्थक भाजपा विधायक भी सपा में शामिल हुए थे। ये सभी नेता OBC समुदाय से आते हैं और इन्होंने पिछले एक हफ्ते के अंदर ही इस्तीफा दिया था। इन नेताओं ने भाजपा पर पिछड़ों को नजरअंदाज करने का आरोप लगाया है।

झटका

भाजपा के लिए बड़ा झटका माने जा रहे इस्तीफे

मंत्रियों और उनके साथियों के इस्तीफों को भाजपा के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है। मौर्य को गैर-यादव OBC वर्ग का एक बड़ा नेता माना जाता है और पिछले चुनाव में उनके कारण भाजपा को इस वर्ग का वोट हासिल करने में बड़ी मदद मिली थी। यूं तो भाजपा के पास अभी भी उपमुख्यमंत्री केशव मौर्य के रूप में एक और OBC नेता है, लेकिन चुनाव से ठीक पहले लगा ये झटका उसे नुकसान पहुंचा सकता है।

चुनावी कार्यक्रम

उत्तर प्रदेश में 10 फरवरी से शुरू होंगे विधानसभा चुनाव

बता दें कि उत्तर प्रदेश की 403 विधानसभा सीटों पर फरवरी और मार्च में सात चरणों में विधानसभा चुनाव होंगे। 10 फरवरी को पहले चरण की वोटिंग होगी। इसके बाद 14 फरवरी को दूसरे, 20 फरवरी को तीसरे, 23 फरवरी को चौथे, 27 फरवरी को पांचवें, 3 मार्च को छठवें और 7 मार्च को सातवें चरण की वोटिंग होगी। नतीजे 10 मार्च को आएंगे। उत्तर प्रदेश के साथ-साथ पंजाब, उत्तराखंड, गोवा और मणिपुर में भी विधानसभा चुनाव होंगे।