तमिलनाडु में चुनाव से पहले थलापति विजय ने क्या वादे किए थे? जानिए TVK का घोषणापत्र
क्या है खबर?
तमिलनाडु के विधानसभा चुनाव में अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय की तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) पार्टी इतिहास बनाते नजर आ रही है। वर्ष 2024 में पार्टी की स्थापना के बाद पहले ही विधानसभा चुनाव में पार्टी अभी तक सबसे अधिक सीटों पर आगे चल रही है और सत्तारूढ़ द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) तीसरे स्थान पर है। क्या TVK ने अपने घोषणापत्र के वादों से जनता पर असर छोड़ा? आइए, जानते हैं।
ऐलान
महिलाओं के लिए बड़ा ऐलान
TVK ने अपने घोषणापत्र में महिलाओं के लिए कुल 12 ऐलान किए हैं। इसमें सभी महिला परिवार प्रमुखों को 2,500 की मासिक आर्थिक सहायता, हर साल प्रति परिवार 6 मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर, हर दुल्हन को विवाह सहायता के रूप में 8 ग्राम सोना और एक रेशमी साड़ी दी जाएगी। महिलाओं, बच्चों, बुज़ुर्गों की सुरक्षा के लिए अलग विभाग, मुफ्त बस यात्रा, महिला सुरक्षाबल, शिशु के जन्म पर अंगूठी और बेबी-किट, महिला फास्ट ट्रैक कोर्ट और जीरो-टॉलरेंस अपराध शामिल है।
शिक्षा
बच्चों की पढ़ाई के लिए माता-पिता को हर साल 15,000 रुपये, बेरोजगारी भत्ता
तमिलनाडु को नशा-मुक्त राज्य में बदला जाएगा, कक्षा 1 से 12 तक हर बच्चे के माता-पिता को पढ़ाई के लिए 15,000 रुपये सालाना मदद, कक्षा 12 के बाद से Ph.D. तक छात्रों को 20 लाख तक बिना गारंटी के शिक्षा लोन दिया जाएगा। बेरोजगार युवाओं को 4,000 रुपये प्रति माह और डिप्लोमा धारकों को 2,500 प्रतिमाह बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा। तमिलनाडु में राज्य के युवाओं को प्रोहत्साहन, निजी कंपनियों में 5 लाख युवाओं को सवेतन इंटर्नशिप ट्रेनिंग दी जाएगी।
वादा
अब नागरिकों का राज्य में बढ़ेगा योगदान
राज्य में 5 लाख नई सरकारी नौकरियां सृजित होंगी। सरकारी जमीन पर मुफ्त मकान पट्टा और 25 लाख रुपये का चिकित्सा बीमा मिलेगा। किसानों को 15,000 रुपये की वार्षिक निवेश सहायता, छोटे किसानों का लोन माफ और गन्ने का न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) 4,500 रुपये प्रतिटन होगा।। परिवारों को 'तमिलनाडु नागरिक विशेषाधिकार कार्ड' से सभी कल्याणकारी लाभ बिना आवेदन के मिलेगा। नागरिक अपनी याचिकाएं डिजिटल मंच से विधानसभा में पेश कर सकेंगे। अगर 5 लाख हस्ताक्षर हुए तो चर्चा होगी।
चुनाव
111 सीटों पर आगे है TVK
तमिलनाडु में अब तक के रुझानों में राज्य में बड़ा उलटफेर होता दिख रहा है। अपना पहला चुनाव लड़ रही अभिनेता TVK पार्टी बेहतरीन प्रदर्शन करती दिख रही है। पार्टी ने 111 सीटों पर बढ़त बनाई हुई है और सबसे आगे है। सत्तारूढ़ DMK गठबंधन फिलहाल 47 और अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) गठबंधन कुल 72 सीटों पर आगे है। तमिलनाडु में विधानसभा की 234 सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 118 है।