LOADING...
तमिलनाडु में सरकार बनाने को तैयार विजय, TVK ने राज्यपाल से 2 हफ्ते का समय मांगा
तमिलनाडु में सरकार बनाने को तैयार थलापति विजय

तमिलनाडु में सरकार बनाने को तैयार विजय, TVK ने राज्यपाल से 2 हफ्ते का समय मांगा

लेखन गजेंद्र
May 05, 2026
09:01 am

क्या है खबर?

तमिलनाडु में अपनी पार्टी के पर्दापण के बाद ही ऐतिहासिक जीत का स्वाद चखने वाले अभिनेता से राजनेता बने थलापति विजय सरकार बनाने के लिए तैयार हैं। उनकी पार्टी तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) ने तमिलनाडु के राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर से मुलाकात का समय मांगा है ताकि सरकार गठन पर चर्चा की जा सके। पार्टी ने राज्यपाल को पत्र भेजकर कहा कि वह 2 सप्ताह के भीतर अपना बहुमत साबित करने के लिए तैयार है।

गठबंधन

गठबंधन के लिए बातचीत शुरू

बहुमत न मिलने की स्थिति में TVK ने 'प्लान बी' सक्रिय किया है और संभावित सहयोगियों से संपर्क साधा जा रहा है। कांग्रेस और पट्टाली मक्कल काची (PMK) समर्थन देने को तैयार हैं। दोनों पार्टियां बातचीत के तहत 2-2 मंत्री पद मांग रही हैं। वामपंथी पार्टियां आंतरिक विचार-विमर्श कर रही हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई अंतिम निर्णय नहीं लिया है। विदुथलाई चिरुथाइगल कत्ची (VCK) और देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कझगम (DMDK) भी प्रस्ताव के इंतजार में हैं।

संपर्क

नवनिर्वाचित विधायकों से मिलेंगे विजय

तमिल मीडिया के मुताबिक, विजय नवनिर्वाचित विधायकों से मिलने के लिए मंगलवार को सुबह 10 बजे चेन्नई स्थित TVK कार्यालय के लिए रवाना होंगे। अभी तक थलापति विजय ने किसी भी पार्टी से समर्थन के लिए सार्वजनिक तौर पर घोषणा नहीं की है, लेकिन विधायकों की बैठक में इस मामले में संभावित चर्चा हो सकती है। TVK की जीत के बाद चेन्नई में पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जोश दिख रहा है।

Advertisement

चुनाव

TVK को चाहिए 10 विधायकों का समर्थन

तमिलनाडु की 234 विधानसभा सीटों पर सोमवार को आए परिणाम में TVK 108 सीट हासिल करके सबसे बड़ी पार्टी बनी है। सत्तारूढ़ एमके स्टालिन के नेतृत्व वाली द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (DMK) 59 सीटों के साथ दूसरे स्थान पर रही, जबकि अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुन्नेत्र कज़गम (AIADMK) 47 सीटों के साथ तीसरे स्थान पर रही। TVK को सरकार बनाने के लिए 10 और विधायकों का समर्थन चाहिए। तमिलनाडु में कांग्रेस, PMK, मुस्लिम लीग, वामदल के पास कुल 15 सीटें हैं।

Advertisement

ट्विटर पोस्ट

थलापति विजय के घर के बाहर पुलिस तैनात

Advertisement