LOADING...
तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने रद्द की अपने ज्योतिषी की OSD पद पर नियुक्ति, हुआ था विरोध
मुख्यमंत्री विजय ने विरोध के बाद रद्द की अपने ज्योतिषी की OSD पद पर नियुक्ति

तमिलनाडु: मुख्यमंत्री विजय ने रद्द की अपने ज्योतिषी की OSD पद पर नियुक्ति, हुआ था विरोध

लेखन गजेंद्र
May 13, 2026
01:50 pm

क्या है खबर?

तमिलनाडु के नवनियुक्त मुख्यमंत्री थलापति विजय (सी जोसेफ विजय) ने बुधवार को अपने सहयोगियों की कड़ी प्रतिक्रिया के बाद निजी ज्योतिष की विशेष कर्तव्य अधिकारी (OSD) पद पर की गई नियुक्ति को रद्द कर दिया है। अभिनेता से मुख्यमंत्री बने विजय ने एक दिन पहले ही मंगलवार को ज्योतिषी थिरु रिकी राधान पंडित वेट्ट्रीवेल को अपना OSD तैनात किया था। राधान ने चुनाव के दौरान विजय की जीत की भविष्यवाणी की थी और वे TVK के प्रवक्ता भी हैं।

विरोध

कम्युनिस्ट पार्टी और VCK ने दर्ज कराया था विरोध

विजय द्वारा ज्योतिषी की नियुक्ति के बाद उनकी सरकार को समर्थन देने वाली कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथाइगल काची (VCK), भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM) ने विरोध किया था। VCK के विधायक वन्नी अरसु ने कहा कि हमारी सरकार को ज्योतिष नहीं बल्कि वैज्ञानिक सोच को महत्व देना चाहिए। CPIM के राज्य सचिव पी षणमुगम ने इसे अंधविश्वास बताया। देसिया मुरपोक्कू द्रविड़ कड़गम (DMDK) की प्रेमलता विजयकांत ने कहा कि मुख्यमंत्री को अपना राजगुरु निजी रखना चाहिए।

पद

चुनाव से लेकर शपथ तक जुड़े रहे ज्योतिष

राधान पिछले 4 दशक से ज्योतिष और अंकशास्त्र से जुड़े हुए हैं। चुनाव से महीनों पहले राधान पंडित ने सार्वजनिक तौर पर दावा किया था कि विजय की कुंडली तमिलनाडु में एक बड़ी राजनीतिक सफलता की ओर इशारा करती है। TVK नाम के अंकशास्त्रीय महत्व के बारे में भी बात की, और इसे विजय के जन्म विवरण से जुड़े अनुकूल ज्योतिषीय संयोजनों से जोड़ा था। विजय चुनाव से पहले और बाद में हर काम ज्योतिष से पूछकर कर रहे थे।

Advertisement