तमिलनाडु विधानसभा में पास हुए विजय; बहुमत परीक्षण में 144 विधायकों का समर्थन, DMK का वॉक-आउट
क्या है खबर?
तमिलनाडु चुनाव में बड़ी जीत दर्ज करने वाले मुख्यमंत्री थलापति विजय (सी जोसेफ विजय) बुधवार को विधानसभा के बहुमत परीक्षण में भी पास हो गए। विजय ने बुधवार को विश्वास मत का प्रस्ताव पेश किया था, जिसमें कांग्रेस और वामदल समेत अन्य सहयोगी पार्टियों के अलावा अखिल भारतीय अन्ना द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (AIADMK) ने भी समर्थन किया। राज्य की 234 सीटों में बहुमत के लिए 118 सीटें चाहिए, जबकि तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) को 144 विधायकों का समर्थन मिला है।
बहुमत
AIADMK के विधायकों से संख्या पहुंची 144
चुनाव में TVK ने 108 सीट जीती थी, जिसमें 106 विधायक बुधवार को मौजूद थे। विजय के एक विधायक को मद्रास हाई कोर्ट ने विधानसभा कार्यवाही से बाहर रखा है, जबकि विजय ने खुद 2 सीट है। विधानसभा में TVK को कांग्रेस, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI), मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPIM), विदुतलाई चिरुथाइगल काची (VCK) और मुस्लिम लीग (IUML) के 13 विधायकों का समर्थन मिला। AIADMK में सीवी शनमुगम के गुट से 24 विधायकों ने समर्थन किया, जिससे आंकड़ा 144 पहुंचा।
राजनीति
DMK ने वॉक-आउट किया
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के 59 विधायकों ने सदन से वॉक-आउट कर दिया। इससे विजय को बहुमत साबित करने में आसानी हुई और बहुमत का आंकड़ा 88 रह गया। AIADMK ने चुनाव में 47 सीट जीती है, जिसमें 25 विधायकों ने शनमुगम के नेतृत्व में विजय को समर्थन दिया। ऐसे में AIADMK के केवल 22 विधायकों ने विश्वास मत का विरोध किया। भाजपा के एक और PMK के 4 विधायकों में मतदान में भाग नहीं लिया।
बयान
विजय ने कहा- धर्मनिरपेक्ष सरकार के रूप में कार्य करेंगे
विश्वास मत जीतने के बाद मुख्यमंत्री विजय ने अपने भाषण में कहा कि वह जानते हैं कि उनकी सरकार अल्पमत की सरकार है और इसी से उनको मजबूती मिलेगी। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार राज्य में लोगों के लिए और धर्मनिरपेक्ष सरकार के रूप में काम करेगी। सरकार अल्पसंख्यकों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। DMK के विधायक दल के नेता उदयनिधि स्टालिन ने कहा कि विजय को बहुमत नहीं मिला है, ऐसे में राष्ट्रपति शासन लागू होना चाहिए।
योजना
AIADMK ने विधायकों को चेताया था
AIADMK ने मंगलवार को घोषणा की थी कि वह बुधवार को विधानसभा में TVK सरकार के विश्वास प्रस्ताव के खिलाफ मतदान करेगी। पार्टी के वरिष्ठ नेता एग्री एसएस कृष्णमूर्ति ने कहा अगर कोई विधायक क्रॉस-वोटिंग में शामिल होता है तो उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। इससे पहले TVK के सहयोगी दलों ने पहले ही विजय को समर्थन देने की घोषणा कर दी थी।
रोक
TVK के एक विधायक को कार्यवाही में भाग लेने का नहीं मिला मौका
मद्रास हाई कोर्ट ने तिरुप्पत्तूर से TVK के विधायक आर सीनिवास सेतुपति को मंगलवार को होने वाली विधानसभा की कार्यवाही में भाग लेने से रोक दिया। कोर्ट ने आदेश तिरुप्पत्तूर निर्वाचन क्षेत्र में उनके प्रतिद्वंद्वी और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के उम्मीदवार केआर पेरियाकरुप्पन की याचिका पर दिया है। पेरियाकरुप्पन सेतुपति से मात्र एक वोट से हारे हैं। कोर्ट ने सेतुपति को अगले आदेश तक सदन की कार्यवाही में भाग लेने से रोक दिया है।