Page Loader
अपने अखबार 'सामना' में शिवसेना का भाजपा पर हमला, सत्ता की धौंस नहीं चलेगी

अपने अखबार 'सामना' में शिवसेना का भाजपा पर हमला, सत्ता की धौंस नहीं चलेगी

Oct 25, 2019
02:00 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव के परिणाम के एक दिन बाद शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में संपादकीय लिखकर अपनी सहयोगी भारतीय जनता पार्टी पर निशाना साधा है। शिवसेना ने कहा है कि ये महाजनादेश नहीं बल्कि जनादेश है जिसे स्वीकार करना पड़ेगा। पार्टी का कहना है कि ये परिणाम 'सत्ताधीशों' को मिला सबक है कि अब सत्ता की धौंस नहीं चलेगी। शिवसेना ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) में सेंध लगाने के भाजपा के प्रयासों की भी आलोचना की है।

चुनाव नतीजा

भाजपा की सीटें घटने के कारण हमलावर है शिवसेना

दरअसल, महाराष्ट्र की 288 विधानसभा सीटों पर हुए चुनावों में भाजपा को कुल 105 सीटें मिली हैं जो पिछले चुनाव में उसके 122 के आंकड़े से कम हैं। वहीं शिवसेना की सीटों की संख्या भी 63 से घटकर 56 पर पहुंच गई है। कांग्रेस-NCP गठबंधन को 98 सीटें मिली हैं। इसका मतलब भाजपा-शिवसेना गठबंधन सत्ता में वापसी करने जा रहा है। इस बीच भाजपा की सीटों की संख्या घटने के कारण शिवसेना उस पर हमलावर है।

संपादकीय

सत्ता की मस्ती से प्रभावित न होने के लिए जनता का अभिनंदन

इसी कड़ी में शिवसेना ने अपने मुखपत्र 'सामना' में अपने संपादकीय में भाजपा पर हमला बोला है। इसमें शिवसेना ने कहा, "कांग्रेस-NCP मिलकर 100 सीटों तक पहुंच गईं। एक मजबूत विरोधी पक्ष के रूप में मतदाताओं ने उन्हें एक जिम्मेदारी सौंपी है। ये एक प्रकार से सत्ताधीशों को मिला सबक है। धौंस, दहशत और सत्ता की मस्ती से प्रभावित न होते हुए जनता ने जो मतदान किया, उसके लिए उसका अभिनंदन!"

कटाक्ष

शिवसेना ने कहा, ये जनादेश है महाजनादेश नहीं

शिवसेना ने अपने गठबंधन की सीटों की संख्या घटने पर भी संपादकीय में विचार रखे हैं। इसमें लिखा है, "आंकड़ों का खेल संसदीय लोकतंत्र में चलता रहता है। गठबंधन का आंकड़ा स्पष्ट बहुमत का है। शिवसेना और भाजपा को एक साथ करीब 160 का आंकड़ा आया है। महाराष्ट्र की जनता ने निश्चित करके ही ये नतीजे दिए हैं। फिर इसे महाजनादेश कहो या कुछ और, यह जनादेश है, महाजनादेश नहीं, इसे स्वीकार करना पड़ेगा।"

जानकारी

चुनाव प्रचार में फडणवीस ने निकाली थी महाजनादेश यात्रा

बता दें कि चुनाव प्रचार के दौरान मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने महाजनादेश यात्रा निकाली थी जिसमें उन्होंने 200 से अधिक विधानसभा क्षेत्रों का दौरा किया। शिवसेना ने अपने संपादकीय में इसी यात्रा पर कटाक्ष किया है।

प्रशंसा

शरद पवार की तारीफ, बताया फडणवीस से बड़ा पहलवान

भाजपा पर हमलावर शिवसेना ने विरोधी कांग्रेस और NCP की तारीफ की है। इसमें लिखा है, "कांग्रेस के पास कोई नेतृत्व नहीं था। इस कमजोर कांग्रेस को राज्य में 44 सीटें मिल गईं। भाजपा ने NCP में ऐसी सेंध लगाई कि शरद पवार की पार्टी में कुछ बचेगा या नहीं, ऐसा माहौल बन गया था। लेकिन महाराष्ट्र में सबसे ज्यादा छलांग NCP ने लगाई और 50 का आंकड़ा पार कर लिया है... शरद पवार फडणवीस से बड़े पहलवान साबित हुए।"

चेतावनी

शिवसेना की चेतावनी, सत्ता की धौंस दिखाओगे तो...

संपादकीय में भाजपा को सत्ता की धौंस न दिखाने की चेतावनी भी दी गई है। पार्टी ने कहा है, "देखा जाए तो ये नतीजे चौंकाने वाले हैं। दूसरे शब्दों में कहें तो 'अति उत्साह में मत आओ, सत्ता की धौंस दिखाओगे तो याद रखो...', राज्य की जनता ने ऐसा जनादेश दिया है। सत्ता का दुरुपयोग करते हुए राजनीति करने से किसी को खत्म नहीं किया जा सकता। 'हम करें तो कायदा' नहीं चलता।"

बयान

"छत्रपति शिवाजी की प्रेरणा से चलेगा राज्य"

संपादकीय के अंत में लिखा गया है, "मराठी भावनाओं की छाती पर पैर रखकर कोई शासन नहीं कर सकता। छत्रपति शिवाजी की पहचान अपनी बातों पर अटल रहने वाले राजा के रूप में थी। ये राज्य उनकी प्रेरणा से ही चलेगा।"