Page Loader
राजनाथ ने दाखिल किया नामांकन, सपा की टिकट पर उन्हें चुनौती देंगी शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी

राजनाथ ने दाखिल किया नामांकन, सपा की टिकट पर उन्हें चुनौती देंगी शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी

Apr 16, 2019
06:32 pm

क्या है खबर?

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने आज मंगलवार को लखनऊ से अपना नामांकन दाखिल किया। उनकी विरोधी कांग्रेस ने अभी तक सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, जबकि नामांकन की समय सीमा खत्म होने में केवल 2 दिन का समय शेष रह गया है। इस बीच हाल ही में कांग्रेस में शामिल हुए शत्रुघ्न सिन्हा की पत्नी पूनम सिन्हा सपा में शामिल हो गई हैं और वह गठबंधन की ओर से राजनाथ के खिलाफ चुनाव लड़ेंगी।

ट्विटर पोस्ट

गृह मंत्री राजनाथ ने दाखिल किया नामांकन

नामांकन

नामांकन से पहले पूजा और रोड शो

राजनाथ ने अपना नामांकन दाखिल करने से पहले यहां के हनुमान सेतु मंदिर में पूजा की। इसके बाद वह रोड शो करते हुए कलेक्टर ऑफिस पहुंचे। इस दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को होना था, लेकिन चुनाव आयोग के उनके 72 घंटे तक प्रचार करने पर प्रतिबंध लगाने के कारण वह नहीं आ सके। बता दें कि राजनाथ ने 2014 लोकसभा चुनाव में भी लखनऊ सीट से चुनाव लड़ते हुए बड़ी जीत दर्ज की थी।

सीट का महत्व

लखनऊ सीट से भाजपा का पुराना नाता

बता दें कि लखनऊ लोकसभा सीट और भाजपा का नाता काफी पुराना है। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी 1998, 1999 और 2004 में इसी सीट पर जीत दर्ज करते हुए संसद में पहुंचे थे। 2014 लोकसभा चुनाव में सीट पर राजनाथ की सबसे बड़ी विरोधी कांग्रेस की रीता बहुगुणा जोशी थी। हालांकि, उन्होंने बहुगुणा को आसानी से हराते हुए जीत दर्ज की थी। राजनाथ को लगभग 5,60,000 तो वहीं बहुगुणा को लगभग 2,80,000 वोट मिले थे।

लड़ाई

सपा के टिकट पर राजनाथ के खिलाफ लड़ेंगी पूनम

इस बार अभी तक कांग्रेस ने सीट से अपने उम्मीदवार की घोषणा नहीं की है, जबकि गठबंधन की ओर से पूनम सिन्हा मैदान में होंगी। पूनम, आज ही अखिलेश यादव की पत्नी डिंपल यादव की उपस्थिति में सपा में शामिल हुई हैं। पार्टी ने उनके राजनाथ के खिलाफ लड़ने की पुष्टि की है। वह 18 अप्रैल को अपना नामांकन दाखिल करेंगी। इससे पहले 6 अप्रैल को उनके पति शत्रुघ्न सिन्हा भाजपा छोड़ कांग्रेस में शामिल हुए थे।

जानकारी

पूनम के लिए सीट खाली छोड़ सकती है कांग्रेस

कांग्रेस के उम्मीदवार घोषित न करने के पीछे एक वजह पूनम को माना जा रहा है। पूरी संभावना है कि अपने पति के कांग्रेस में होने का फायदा उन्हें मिले और पार्टी उनके खिलाफ कोई उम्मीदवार न उतारे। शत्रुघ्न खुद पटना साहिब से चुनाव लड़ेंगे।