राहुल गांधी बोले- मोदी का 'मेलोडी रील' हर भारतीय का अपमान
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इटली की प्रधानमंत्री जॉर्जिया मेलोनी के साथ बनाए गए 'मेलोडी रील' पर लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी का हमला जारी है। उन्होंने एक्स पर अपना एक वीडियो साझा कर लिखा कि मोदी जी, आपका मेलोडी रील हर भारतीय का और उसके दर्द का अपमान है। इससे पहले भी राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी के मेलोडी रील पर लिखा था कि सब रो रहे हैं और प्रधानमंत्री टॉफी बांट रहे हैं, जो नेतृत्व नहीं, नौटंकी है।
विवाद
राहुल गांधी ने कहा- आर्थिक तूफान आने जा रहा है
राहुल ने वीडियो में कहा, "हिंदुस्तान में आर्थिक तूफान आ रहा है। तेल, पेट्रोल-डीजल और विमान ईंधन के दाम आसमान को छुएंगे। खाद की कमी होगी और महंगा होगा, किसान को नुकसान होने वाला है। अर्थव्यवस्था पर भारी झटका पड़ने वाला है। हमारे प्रधानमंत्री सोना न खरीदने, गाड़ी न चलाने और विदेश न जाने को कह रहे हैं और फिर खुद महंगे विमान से विदेश जाकर इटली की प्रधानमंत्री को 'मेलोडी' टॉफी खिला रहे हैं। ये भारतीयों का अपमान है।"
ट्विटर पोस्ट
राहुल गांधी का वीडियो
मोदी जी, आपका Melody Reel हर भारतीय का - और उसके दर्द का - अपमान है। pic.twitter.com/9SNqzg3uUJ
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) May 20, 2026