राहुल गांधी का भगवंत मान पर निशाना, बोले- उनके मुंह से शराब की बदबू आती थी
क्या है खबर?
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने पंजाब के संगरूर में 'इंसाफ रैली' को संबोधित कर मुख्यमंत्री भगवंत मान को शराब का आदी बताकर भूचाल खड़ा कर दिया है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष ने कहा कि आम आदमी पार्टी (AAP) ने सत्ता में आने से पहले नशे को पूरी तह से खत्म करने का वादा किया था, लेकिन वे असफल रहे हैं। राहुल ने कहा कि जब मुख्यमंत्री मान सांसद थे, तब उनके मुंह से खुद सुबह-सुबह शराब की बदबू आती थी।
बयान
क्या बोले राहुल?
राहुल ने कहा, "आम आदमी पार्टी सत्ता में आई और आपने उस पर भरोसा जताया। पंजाब ने भगवंत मान और AAP पर विश्वास किया। उनका वादा क्या था? कि वे नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म कर देंगे। मैं आपसे पूछना चाहता हूं... उन्होंने नशीले पदार्थों को कहां खत्म किया है? पंजाब के किस हिस्से से वे नशे की समस्या को मिटाने में कामयाब रहे हैं?वे नशीले पदार्थों की समस्या को खत्म नहीं कर सकते।"
बयान
आपका मुख्यमंत्री हर शाम नशा नहीं कर सकता- राहुल
राहुल ने आगे कहा, "जब मैं लोकसभा में था, तो वे सुबह-सुबह हमारे साथ बैठते थे और चुटकुले सुनाते थे। लेकिन, सुबह 11 बजे तक ही उनकी सांसों से शराब की महक आने लगती थी। मैं यह नहीं कह रहा हूं कि भगवंत मान को शराब नहीं पीनी चाहिए। यह उनका निजी मामला है। लेकिन, अगर आप नशे से लड़ना चाहते हैं, तो आपका मुख्यमंत्री हर शाम नशे की हालत में नहीं हो सकता।"
ट्विटर पोस्ट
राहुल गांधी का बयान
VIDEO | Sangrur, Punjab: Addressing 'Insaaf Rally', Lok Sabha Leader of Opposition Rahul Gandhi, says, "The Aam Aadmi Party came to power, and you placed your trust in it. Punjab trusted Bhagwant Mann and the Aam Aadmi Party. What was their promise? That they would eradicate drug… pic.twitter.com/Jnx9DSLbu9
— Press Trust of India (@PTI_News) November 4, 2026
आरोप
मान पर कई बार लगे हैं आरोप
मुख्यमंत्री मान पर सार्वजनिक स्थानों पर नशे में होने के कई आरोप लगे हैं। कुछ की वीडियो भी सामने आई है। हालांकि, पार्टी उनका बचाव करती रही है।
मई में पंजाब विधानसभा में विशेष सत्र के दौरान शिरोमणि अकाली दल और कांग्रेस ने उन पर नशे की हालत में भाषण देने का आरोप लगाया था और डोप टेस्ट कराने की मांग की थी।
उन पर बैसाखी में नशे की हालत में एक गुरुद्वारा पहुंचने के भी आरोप लग चुके हैं।