2019 लोकसभा चुनाव: मोदी की राह पर राहुल गांधी, लड़ सकते हैं 2 जगह से चुनाव

धरातल में चल रही अपनी पार्टी में नई जान फूंकने के लिए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी अपने विरोधी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की राह पर चल सकते हैं। चर्चा है कि 2014 में मोदी की तरह इस बार राहुल दो जगह से चुनाव लड़ सकते हैं। ऐसा वह एक खास रणनीति के तहत करेंगे। 2014 लोकसभा चुनाव में मोदी ने उत्तर प्रदेश की वाराणसी और गुजरात की वडोदरा सीट से चुनाव लड़ा था। उन्हें दोनों जगह जीत हासिल हुई थी।
खबर है कि राहुल इस बार अमेठी के साथ-साथ महाराष्ट्र की नांदेड़ सीट से भी चुनाव लड़ सकते हैं। नांदेड़ महाराष्ट्र कांग्रेस के अध्यक्ष अशोक चव्हाण का गढ़ है। 2014 की मोदी लहर में भी वह अपनी सीट बचाने में कामयाब रहे थे। इन चर्चाओं को हवा भी चव्हाण के बयान से मिली है जिसमें उन्होंने कहा कि राहुल पार्टी के अध्यक्ष हैं और अगर वह नांदेड़ से चुनाव लड़ते हैं तो उनका बहुत स्वागत है।
राहुल के नांदेड़ से चुनाव लड़ने के पीछे वही रणनीति काम कर सकती है जो 2014 में मोदी ने अपनाई थी। देश की राजनीति में महाराष्ट्र यूपी के बाद सबसे अहम राज्य है। यहां लोकसभा की 48 सीटे हैं जो यूपी के बाद सबसे ज्यादा हैं। महाराष्ट्र से चुनाव लड़ कर राहुल कांग्रेस के लिए वही माहौल पैदा कर सकते हैं जो 2014 में मोदी ने वाराणसी से लड़कर यूपी और आसपास के इलाकों में किया था।
नांदेड़ सीट से चुनाव लड़ने की एक वजह यह भी है कि इसका असर पड़ोसी राज्य तेलंगाना की कुछ सीटों पर भी पड़ सकता है। हाल ही में हुए विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को यहां हार का सामना करना पड़ा था। चर्चा यह भी है कि यूपी में इस बार भाजपा की सरकार होने के कारण भी राहुल नांदेड़ से चुनाव लड़ने का फैसला कर सकते हैं क्योंकि भाजपा अमेठी में उन्हें घेरने के लिए विशेष रणनीति बना सकती है।