Loading...
राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा आरोप, कहा- विदेशी मदद से हासिल किया पद
कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर तीखा हमला बोला है

राहुल गांधी का प्रधानमंत्री मोदी पर बड़ा आरोप, कहा- विदेशी मदद से हासिल किया पद

Nov 02, 2026
06:40 pm

क्या है खबर?

कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर विदेशी मदद से सत्ता में बने रहने का गंभीर आरोप लगाया है। उन्होंने एक्स पर पोस्ट के जरिए अर्थव्यवस्था और सोशल मीडिया पर विदेशी नियंत्रण का दावा करते हुए प्रधानमंत्री मोदी को किसी भी मंच पर खुली बहस की चुनौती दी। यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के राष्ट्रीय एकता दिवस के भाषण पर पलटवार है जिसमें उन्होंने विपक्ष पर देश को बांटने का आरोप लगाया था।

आरोप

राहुल ने क्या लगाया आरोप?

राहुल ने एक्स पर लिखा, 'नरेंद्र मोदी जी, इस देश से झूठ बोलना बंद कीजिए। आप विदेशी मदद से प्रधानमंत्री बने और विदेशी मदद से ही प्रधानमंत्री बने हुए हैं।'

इसके साथ ही उन्होंने देश की अर्थव्यवस्था पर भी सवाल उठाते हुए तीखा हमला बोला है।

उन्होंने आगे लिखा, 'आपकी आर्थिक व्यवस्था पूरी तरह विदेशियों के नियंत्रण में और समर्थन से संचालित हो रही है। विदेशी सोशल मीडिया पूरी तरह आपके साथ खड़ा है।'

चुनौती

राहुल ने दी खुली बहस की चुनौती

इस पोस्ट में राहुल ने प्रधानमंत्री को चुनौती देते हुए लिखा, 'मैं आपको इस मुद्दे पर खुली बहस की चुनौती देता हूं। कोई भी मंच, किसी भी समय। हिम्मत है तो आइए।'

हालांकि, राहुल ने आगे ये भी दावा किया कि प्रधानमंत्री मोदी इस बहस के लिए कभी सामने नहीं आएंगे।

उन्होंने लिखा, 'आप नहीं आएंगे, क्योंकि जो मैं आपके बारे में जानता हूं आप उससे डरते हैं।'

राहुल की पोस्ट के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है।

ADVERTISEMENT

पलटवार

राहुल ने प्रधानमंत्री मोदी के आरोपों पर किया पलटवार

राहुल का यह बयान प्रधानमंत्री मोदी के उस हालिया बयान पर पलटवार है, जो उन्होंने गुजरात के एकता नगर में राष्ट्रीय एकता दिवस के मौके पर दिया था।

प्रधानमंत्री मोदी ने बिना नाम लिए विपक्ष पर निशाना साधते हुए कहा था कि कुछ ताकतें देश को बांटने की कोशिश कर रही हैं।

उन्होंने आरोप लगाया था कि अफवाहें फैलाने और देश की छवि खराब करने के लिए सोशल मीडिया का हथियार के तौर पर इस्तेमाल किया जा रहा है।

ADVERTISEMENT