Page Loader
राहुल और प्रियंका गांधी को संभल जाने से रोका गया, वापस दिल्ली लौटे
राहुल गांधी को उत्तर प्रदेश के संभल जाने से रोका गया

राहुल और प्रियंका गांधी को संभल जाने से रोका गया, वापस दिल्ली लौटे

लेखन गजेंद्र
Dec 04, 2024
01:00 pm

क्या है खबर?

उत्तर प्रदेश के संभल जा रहे लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी को उत्तर प्रदेश पुलिस ने दिल्ली सीमा के पास रोक लिया है। यहां गाजीपुर बॉर्डर पर राहुल का काफिला रोके जाने से लंबा जाम लग गया है। पुलिस ने उनको संभल न जाने के लिए अनुरोध किया। इस पर राहुल ने पुलिस से मांग की है कि उनको संभल अकेले जाने दिया जाए। हालांकि, ऐसा हुआ नहीं और वे वापस दिल्ली लौट आए।

ट्विटर पोस्ट

उत्तर प्रदेश और दिल्ली सीमा पर राहुल

दौरा

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने बैरीकेड हटाने का प्रयास किया

सुबह करीब 11 बजे राहुल अपनी बहन प्रियंका और अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ संभल के लिए रवाना हो गए थे, लेकिन गाजीपुर सीमा पर उन्हें रोक लिया गया। यहां पुलिस से राहुल की काफी देर तक बातचीत हुई। राहुल ने पुलिस से अकेले संभल जाने और पुलिस वाहन में साथ ले जाने का अनुरोध भी किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं की पुलिस से तीखी बहस हुई और उन्हें बैरीकेड हटाने का प्रयास भी किया।

बयान

प्रियंका ने साधा उत्तर प्रदेश सरकार पर निशाना 

सांसद प्रियंका ने गाजीपुर बॉर्डर पर कहा कि नेता प्रतिपक्ष की हैसियत से राहुल अकेले भी संभल जाने को तैयार हैं, लेकिन पुलिस के पास कोई जवाब नहीं है। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में अगर ऐसे हालात भी संभाले नहीं जा सकते तो भाजपा इतने गर्व से क्यों कहती है कि हमने कानून व्यवस्था संभाल रखा है। राहुल ने कहा कि यही नया हिंदुस्तान है, जिसमें संविधान को खत्म करने का काम किया जा रहा है।

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोलीं प्रियंका गांधी

निर्देश

संभल जिला मजिस्ट्रेट ने राहुल को दिल्ली सीमा पर रोकने के लिए लिखा था पत्र

संभल में सांप्रदायिक हिंसा के मद्देनजर राहुल के दौरे को देखते हुए संभल जिला मजिस्ट्रेट ने धारा-163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की है और बाहरी व्यक्तियों के प्रवेश पर प्रतिबंध लगाया है। उन्होंने राहुल को उत्तर प्रदेश की सीमा में प्रवेश करने से रोकने के लिए गौतमबुद्ध नगर, गाजियाबाद के पुलिस आयुक्त और अमरोहा, बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक को पत्र लिखा है। उन्होंने लिखा कि राहुल को अपने जनपद में ही रोकने के लिए संबंधित को निर्देशित करें।