पंजाब: राघव चड्ढा के बाद एक और सांसद का नाम परिवार समेत मतदाता सूची से गायब
क्या है खबर?
पंजाब में राज्यसभा सांसद राघव चड्ढा का नाम मतदाता सूची से गायब होने के बाद एक और सांसद का नाम परिवार समेट काट दिया गया है। पटियाला से 2 बार के कांग्रेस सांसद धर्मवीर गांधी ने दावा किया है कि चुनाव आयोग के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) के बाद जारी मसौदा सूची में उनका और उनके परिवार के सदस्यों का नाम गायब है। हालांकि, अधिकारियों ने तकनीकी खामी का हवाला देते हुए उनका नाम सूची में शामिल कर लिया है।
बयान
सांसद ने क्या कहा?
सांसद धर्मवीर ने कहा, "मैं साल 2000 से इसी पते पर रह रहा हूं। मैंने 3 लोकसभा चुनाव लड़े हैं और उनमें से 2 में इसी घर से जीत हासिल की है, जो सभी आधिकारिक रिकॉर्ड में मेरा स्थायी पता है। इसके बावजूद, मेरा नाम, मेरे परिवार के सदस्यों के नामों के साथ, मतदाता सूची में नहीं है।"
हालांकि, SIR प्रक्रिया के विवरण से पता चला कि पहले उनका नाम गायब था, लेकिन बाद में निर्धारित प्रक्रिया से जोड़ा गया।
नोटिस
परिवार को भेजा गया नोटिस
धर्मवीर ने कहा कि उनको चुनाव आयोग की ओर से कोई व्यक्तिगत नोटिस नहीं दिया गया, लेकिन उनकी पत्नी, बेटे-बेटी और बहु को नोटिस मिला है।
उन्होंने दावा किया कि अधिकारियों को पता था कि वह एक मौजूदा सांसद हैं और सांसदों को नोटिस जारी करने से पहले अतिरिक्त सावधानी बरतने की आवश्यकता होती है।
उन्होंने कहा कि उनके परिवार के सदस्यों से संबंधित प्रासंगिक डेटा अभी तक संकलित नहीं किया गया है।
आरोप
चड्ढा ने AAP सरकार को घेरा था
इससे एक दिन पहले गुरुवार को हाल में भाजपा में शामिल हुए राघव चड्ढा ने कहा था कि उनका मतदाता पहचान पत्र मोहाली में पंजीकृत है, लेकिन अब उनका नाम काट दिया गया है।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनका नाम 'स्थायी रूप से स्थानांतरित' की श्रेणी में डाल दिया गया है, जो आम आदमी पार्टी (AAP) की सरकार की करतूत है।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार के इशारे पर आयोग के अधिकारियों ने उनका नाम हटाया है।