LOADING...
पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार, निगम अधिकारी की आत्महत्या से जुड़ा है मामला
पंजाब के पूर्व मंत्री और आम आदमी पार्टी के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार

पंजाब के पूर्व मंत्री लालजीत सिंह भुल्लर गिरफ्तार, निगम अधिकारी की आत्महत्या से जुड़ा है मामला

लेखन गजेंद्र
Mar 23, 2026
07:09 pm

क्या है खबर?

पंजाब के पूर्व परिवहन मंत्री और आम आदमी पार्टी (AAP) के विधायक लालजीत सिंह भुल्लर को सोमवार को गिरफ्तार कर लिया गया है। उनको पंजाब राज्य भंडारण निगम के जिला प्रबंधक गगनदीप सिंह रंधावा की कथित आत्महत्या के मामले में हिरासत में लिया गया है। अमृतसर के पुलिस आयुक्त गुरप्रीत सिंह भुल्लर ने बताया कि भुल्लर को फतेहगढ़ साहिब जिले के मंडी गोबिंदगढ़ से हिरासत में लेकर अमृतसर लाया जा रहा है। उनको मंगलवार को अदालत में पेश किया जाएगा।

घटना

क्या है अधिकारी की आत्महत्या का मामला?

गगनदीप सिंह रंधावा ने शनिवार तड़के जहर खाकर आत्महत्या कर ली थी। इसके बाद उनका एक वीडियो सामने आया, जिसमें उन्होंने कथित तौर पर भुल्लर द्वारा उत्पीड़न का दावा किया। वीडियो सामने आने के बाद बड़े पैमाने पर भुल्लर और सरकार का विरोध शुरू हो गया। रंधावा के परिवार ने पंजाब सरकार को भुल्लर को गिरफ्तार करने के लिए 24 घंटे का अल्टीमेटम दिया था। परिवार ने भुल्लर के पकड़े जाने तक पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार से मना किया था।

आरोप

अधिकारी की पत्नी ने दर्ज कराई है FIR

सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में रंधावा ने जहरीला पदार्थ खाते हुए कहा, "खा लाई 'सेल्फॉस' तुहाड़े यार ने। मंत्री लालजीत भुल्लर दे डर टन। हूं नहीं मैं बचदा।" रंधावा की पत्नी ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उनके पति पर लगातार दबाव डाला जा रहा था कि वे भुल्लर के पिता को गोदाम का टेंडर आवंटित करें। पुलिस ने भुल्लर, उनके पिता सुखदेव सिंह भुल्लर और निजी सहायक दिलबाग सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

Advertisement

फेसबुक

इस्तीफा देने के बाद फेसबुक पर लिखा संदेश

भुल्लर ने विवाद के बीच शनिवार को ही मुख्यमंत्री भगवंत मान के निर्देश पर मंत्री पद से इस्तीफा दे दिया था। उन्होंने गिरफ्तारी से पहले फेसबुक पर लिखा, 'मैंने अपना हर कदम ईश्वर की उपस्थिति के साथ उठाया है। मेरे लिए मेरे लोग ही ईश्वर हैं, उनके चेहरों में मैंने हमेशा ईश्वर का प्रतिबिंब देखा है। अफवाहें फैल रही हैं कि मैं भाग गया हूं। मैं कभी भी सच्चाई से नहीं भागूंगा। मैं मंडी गोबिंदगढ़ में आत्मसमर्पण कर रहा हूं।'

Advertisement