Page Loader
पंजाब विधानसभा चुनाव परिणाम: भदौड़ सीट से हारे मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, AAP प्रत्याशी ने दी मात
भदौड़ सीट से हारे मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी।

पंजाब विधानसभा चुनाव परिणाम: भदौड़ सीट से हारे मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, AAP प्रत्याशी ने दी मात

Mar 10, 2022
02:33 pm

क्या है खबर?

पंजाब विधानसभा चुनाव की सबसे चर्चित विधानसभा सीटों में से एक भदौड़ से कांग्रेस प्रत्याशी और पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी को एकतरफा मुकाबले में करारी हार का सामना करना पड़ा है। उन्हें आम आदमी पार्टी (AAP) के प्रत्याशी लाभ सिंह उगोके ने बड़े अंतर से हराया है। बता दें कि वर्तमान में कांग्रेस के पीरमाल सिंह धौला इसी सीट से विधायक हैं और उन्होंने 2017 में AAP के टिकट पर ही इस सीट से जीत हासिल की थी।

इतिहास

कैसा रहा है भदौड़ विधानसभा सीट का इतिहास?

भदौड़ सीट की राजनीतिक पृष्ठभूमि की बात करें तो यहां पहले शिरोमणि अकाली दल (SAD) का दबदबा हुआ करता था। साल 1977, 1980 और 1985 में यहां से SAD के कुंदर सिंह विधायक चुने गए थे। उसके बाद 1992 में बसपा के निर्मल सिंह निम्मा और फिर 1997, 2002 और 2007 में SAD के संत बलबीर सिंह घुनास विधायक बने। 2012 में कांग्रेस उम्मीदवार मोहम्मद सादिक और 2017 में AAP के टिकट पर पीरमाल सिंह धौला विधायक बने थे।

चुनाव परिणाम

पंजाब में सरकार बनाने की ओर बढ़ रही है AAP

पंजाब में इस बार परिवर्तन की लहर नजर आ रही है। अब तक के नतीजों में AAP सबसे आगे चल रही है। राज्य की 117 सीटों में से 13 सीट पर उसने जीत दर्ज कर ली है, वहीं 79 सीटों पर वह आगे चल रही है। इसी तरह कांग्रेस ने दो सीट जीत ली है और 16 सीटों पर आगे चल रहे हैं। इसके भाजपा और निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती है।SAD तीन सीटों पर आगे हैं।