पंजाब विधानसभा चुनाव परिणाम: AAP के भगवंत मान ने धुरी सीट से हासिल की बड़ी जीत

पंजाब विधानसभा चुनाव की सबसे अहम सीटों में से एक संगरूर जिले की धुरी विधानसभा सीट से आम आदमी पार्टी (AAP) प्रत्याशी और मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार भगवंत मान ने शानदार जीत हासिल कर ली है। उन्होंने एकतरफा मुकाबले में कांग्रेस के मौजूद विधायक दलवीर सिंह गोल्डी को 58,000 से अधिक वोटों से मात दे दी। बता दें साल 2017 के विधानसभा चुनाव में गोल्डी ने AAP उम्मीदवार जसवीर सिंह जस्सी को 2,811 वोटों से हराकर जीत हासिल की थी।
भगवंत मान ने अपनी जीत और पार्टी के बहुमत को देखते हुए कहा कि वह शहीद भगत सिंह के गांव खटकड़कलां में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। इसी तरह अब सरकारी दफ्तरों में मुख्यमंत्री की जगह भगत सिंह और बाबासाहेब अंबेडकर की तस्वीरें लगाई जाएंगी।
धुरी सीट की बात करें तो यहां शिरोमणि अकाली दल (SAD) ने 1977, 1980, 1985 और 2002 में सबसे ज्यादा बार जीत हासिल की है। इसी तरह 1992 में धनवंत सिंह ने कांग्रेस की टिकट और 1997 में निर्दलीय के रूप में जीत हासिल की। उसके बाद 2002 में SAD के गगनजीत सिंह बरनाला, 2007 में निर्दलीय उम्मीदवार इकबाल सिंह, 2012 में कांग्रेस के अरविंद खन्ना और 2015 के उपचुनाव में SAD के गोबिंद सिंह ने जीत हासिल की थी।
बता दें मान संगरूर लोकसभा सीट से AAP के टिकट पर दो पर सांसद चुने जा चुके हैं और उनकी इलाके में अच्छी पकड़ हैं। इसको देखते हुए ही AAP ने उन्हें मुख्यमंत्री का चेहरा घोषित करते हुए धुरी विधानसभा से मैदान में उतारा है।
पंजाब में इस बार परिवर्तन की लहर नजर आ रही है। अब तक के नतीजों में AAP सबसे आगे चल रही है। राज्य की 117 सीटों में से 29 सीट पर उसने जीत दर्ज कर ली है, वहीं 62 सीटों पर वह आगे चल रही है। इसी तरह कांग्रेस ने चार सीट जीत ली है और 15 सीटों पर आगे चल रहे हैं। इसके अलावा भाजपा, SAD और निर्दलीय ने एक-एक सीट जीती है। SAD एक सीट पर आगे हैं।