प्रधानमंत्री मोदी ने राज्यसभा में कहा- भारत में कच्चे तेल का पर्याप्त भंडार है
क्या है खबर?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को उच्च सदन राज्यसभा में भी पश्चिम एशिया में संघर्ष से उपजे ईंधन और मानवीय संकट पर जानकारी दी। इससे पहले, सोमवार को उन्होंने लोकसभा में जानकारी दी थी। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि मौजूदा संकट ने वैश्विक अर्थव्यवस्था पर गहरा असर डाला है और पश्चिम एशिया में जो नुकसान पहले ही हो चुका है, उससे उबरने में दुनिया को काफी समय लगेगा। उन्होंने गैस-तेल संकट को लेकर कहा कि भारत में पर्याप्त भंडार है।
बयान
असर कम करने की कोशिश जारी- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने कहाकि भारत पर इसके असर को कम करने के लिए लगातार कोशिशें की जा रही हैं, अच्छी बात यह है कि हमारी अर्थव्यवस्था की बुनियाद मज़बूत बनी हुई है, और सरकार बदलती हुई स्थिति पर बारीकी से नज़र रख रही है। उन्होंने कहा कि सरकार संकट के अल्पकालिक, मध्यमकालिक और दीर्घकालिक प्रभावों से निपटने के लिए रणनीतिक रूप से काम कर रही है। साथ ही, कोशिशों में तालमेल बिठाने के लिए एक अंतर-मंत्रालयी समूह बनाया गया है।
बयान
देश के पास पर्याप्त भंडार- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने सदन और देश को आश्वासन देते हुए कहा कि भारत के पास कच्चे तेल के लिए पर्याप्त भंडारण सुविधाएं और भरोसेमंद आपूर्ति व्यवस्था मौजूद है। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ईंधन के किसी एक ही स्रोत पर अत्यधिक निर्भरता से बचने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने बताया कि घरेलू गैस आपूर्ति को बढ़ाने के लिए सरकार तरलीकृत पेट्रोलियम गैस (LPG) के साथ-साथ पाइपलाइन प्राकृतिक गैस (PNG) के उपयोग को भी बढ़ावा दे रहे हैं।
संकट
इजरायल और ईरान के साथ कर रहे बातचीत- मोदी
प्रधानमंत्री मोदी ने एक बार फिर व्यावसायिक जहाजों पर हमला और होर्मुज जलडमरूमध्य जैसे अंतरराष्ट्रीय जलमार्ग में रूकावट को अस्वीकार्य बताया है। उन्होंने कहा कि भारत कूटनीति के जरिए भारतीय जहाजों के सुरक्षित आवागमन के लिए सतत प्रयास कर रहा है। मोदी ने बताया कि भारत ईरान, इजरायल और अमेरिका के साथ भी संपर्क में हैं और हमारा लक्ष्य संवाद-कूटनीति से क्षेत्र में शांति की बहाली का है। भारत ने समस्या के समाधान के लिए संवाद का रास्ता सुझाया है।
ट्विटर पोस्ट
प्रधानमंत्री मोदी का राज्यसभा में भाषण
#BudgetSession2026
— SansadTV (@sansad_tv) March 24, 2026
PM @narendramodi speaking in the #Rajyasabha regarding crises in middle east.@narendramodi @VPIndia
Watch Live: https://t.co/6K7feUPc64 https://t.co/l7wMHcCg8o