संसद का मानसून सत्र आज से शुरू, राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर हंगामे के आसार
क्या है खबर?
संसद का मानसून सत्र सोमवार 20 जुलाई को सुबह 11 बजे से शुरू होगा, जिसमें कई मुद्दों को लेकर विपक्ष और सरकार आमने-सामने होंगे। केंद्र सरकार मानसून सत्र में वंदे मातरम को कानूनी संरक्षण देने के लिए लाए जा रहे विधेयक के साथ कुल 7 विधेयक पेश करेगी, जिस पर चर्चा होगी। विपक्ष अयोध्या में राम मंदिर चढ़ावा चोरी, पेपर लीक, इथेनॉल मिश्रित पेट्रोल समेत कई मुद्दों पर सरकार को घेरने की तैयारी कर रहा है।
हंगामा
INDIA गठबंधन की बैठक में बनेगी रणनीति
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले विपक्षी INDIA गठबंधन में शामिल पार्टियां अपने-अपने सांसदों की बैठक करेंगी, उसके बाद विपक्ष की सामूहिक बैठक होगी।
सुबह करीब 10 बजे INDIA गठबंधन के विपक्षी सांसदों की नेता प्रतिपक्ष के दफ्तर में बैठक होगा, जहां वे आगे की रणनीतिक बनाएंगे।
बता दें कि पिछले महीने दिल्ली में हुई INDIA ब्लॉक की बैठक में निर्णय लिया गया था कि संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले एक सामूहिक विपक्ष की बैठक होगी।
प्रस्ताव
स्थगन प्रस्तावों की झड़ी
संसद की कार्यवाही शुरू होने से पहले ही स्थगन प्रस्तावों की झड़ी लग गई है।
कांग्रेस सांसद मणिक्कम टैगोर ने NEET-UG 2026 पेपर लीक मामले पर चर्चा के लिए लोकसभा में स्थगन प्रस्ताव का नोटिस दिया है।
कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी ने नए 'दल-बदल विरोधी कानून' के स्वरूप पर चर्चा करने के लिए 'काम रोको प्रस्ताव' का नोटिस दिया है।
कांग्रेस सांसद रणदीप सिंह सुरजेवाला ने राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर चर्चा के लिए राज्यसभा में स्थगन नोटिस दिया है।
संसद
अमित शाह पेश करेंगे वंदे मातरम से जुड़ा विधेयक
संसद में विदेशी अंशदान (विनियमन) संशोधन विधेयक, विकसित भारत शिक्षा अधिष्ठान विधेयक, आयकर (संशोधन) विधेयक, सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक, जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण (संशोधन) विधेयक, राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक और MSME विकास (संशोधन) विधेयक पेश होंगे।
गृह मंत्री अमित शाह दोपहर 12 बजे राज्यसभा में 'राष्ट्रीय सम्मान के अपमान की रोकथाम (संशोधन) विधेयक' और कानून मंत्री अर्जुन राम मेघवाल लोकसभा में 'सुप्रीम कोर्ट (न्यायाधीशों की संख्या) संशोधन विधेयक पेश करेंगे।
तैयारी
संसद मार्च को लेकर बड़ी तैयारी
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संसद मार्च के ऐलान के बाद दिल्ली पुलिस ने नई दिल्ली क्षेत्र में BNSS की धारा 163 के तहत बड़े जमावड़ों पर प्रतिबंध लगाया है।
दिल्ली पुलिस ने एक बयान में स्पष्ट किया है कि इस तरह के किसी भी विरोध मार्च के लिए कोई अनुमति नहीं मांगी गई है और न ही दी गई है।
पुलिस ने पूरे इलाके में अतिरिक्त बल तैनात किया है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाई है।