LOADING...
कांग्रेस आलाकमान ने कहा- सिद्धारमैया बने रहेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री; लेकिन रिपोर्टों में अलग-अलग दावे
सिद्धारमैया ही कर्नाटक के मुख्यमंत्री बने रहेंगे

कांग्रेस आलाकमान ने कहा- सिद्धारमैया बने रहेंगे कर्नाटक के मुख्यमंत्री; लेकिन रिपोर्टों में अलग-अलग दावे

लेखन आबिद खान
May 26, 2026
07:01 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लग गया है। सिद्धारमैया ही मुख्यमंत्री बने रहेंगे। कांग्रेस आलाकमान ने आज सिद्धारमैया और उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार को दिल्ली तलब किया था। दिल्ली के इंदिरा भवन में कर्नाटक को लेकर कांग्रेस आलाकमान की घंटों से बैठक चली। हालांकि, इसके बावजूद कई रिपोर्टों में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर अलग-अलग दावे किए गए हैं। कहा जा रहा है कि सिद्धारमैया को मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने के निर्देश दिए गए हैं।

बयान

कांग्रेस नेता बोले- राज्यसभा चुनावों पर हुई चर्चा

बैठकों के बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला और केसी वेणुगोपाल ने स्पष्ट किया कि बैठकों के दौरान सत्ता-साझेदारी की व्यवस्था, कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन या मुख्यमंत्री की कुर्सी को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई। उन्होंने कहा, "इन बैठकों का मुख्य ध्यान आने वाले राज्यसभा और विधान परिषद चुनावों पर था। अंदरूनी सत्ता-संघर्ष को लेकर उड़ रही अफवाहें बेबुनियाद हैं।" सुरजेवाला ने आग्रह किया कि कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन को लेकर किसी भी तरह की अटकलें न फैलाएं।

मुख्यमंत्री

रिपोर्ट में दावा- सिद्धारमैया से मुख्यमंत्री पद छोड़ने को कहा गया

इंडिया टुडे ने कांग्रेस सूत्रों के हवाले से दावा किया है कि पार्टी आलाकमान ने सिद्धारमैया से पद छोड़ने और राज्यसभा के माध्यम से दिल्ली जाने के लिए कहा है, जहां उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर बड़ी भूमिका दी जा सकती है। सूत्रों ने बताया कि आलाकमान ने सिद्धारमैया को आश्वासन दिया है कि उनके मुद्दों का ध्यान रखा जाएगा। सूत्रों के अनुसार, कांग्रेस नेतृत्व ने सिद्धारमैया को बताया कि वह राज्यसभा के जरिए राष्ट्रीय राजनीति में प्रवेश कर सकते हैं।

Advertisement

रिपोर्ट

प्रियंका शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में- रिपोर्ट

NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले पर प्रियंका गांधी भी सक्रिय हैं और नेतृत्व परिवर्तन के लिए दबाव बना रही हैं। रिपोर्ट में कांग्रेस सूत्रों के हवाले से दावा किया गया था कि प्रियंका शिवकुमार को मुख्यमंत्री बनाने के पक्ष में हैं। वहीं, नेतृत्व परिवर्तन को लेकर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे , प्रियंका गांधी, राहुल गांधी और केसी वेणुगोपाल ने कई नेताओं के साथ अलग-अलग और एक साथ घंटों तक मंथन किया है।

Advertisement

अटकलें

क्यों लग रही मुख्यमंत्री बदलने की अटकलें?

दरअसल, 2023 विधानसभा चुनाव में कांग्रेस को बहुमत मिलने के बाद शिवकुमार और सिद्धारमैया मुख्यमंत्री पद के दावेदार के तौर पर उभरे थे। तब सिद्धारमैया ने बाजी मारी। इसके बाद से ही चर्चाएं चलीं कि सिद्धारमैया और शिवकुमार के बीच अनौपचारिक रूप से रोटेशनल मुख्यमंत्री की व्यवस्था पर सहमति बनी थी। यानी ढाई साल तक सिद्धारमैया और ढाई साल तक शिवकुमार मुख्यमंत्री बनेंगे। हालांकि, पार्टी ने आधिकारिक तौर पर इसे लेकर कभी कुछ नहीं कहा।

Advertisement