Page Loader
बिहार: NDA विधायक दल के नेता चुने गए नीतीश कुमार, लगातार चौथी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

बिहार: NDA विधायक दल के नेता चुने गए नीतीश कुमार, लगातार चौथी बार बनेंगे मुख्यमंत्री

Nov 15, 2020
02:12 pm

क्या है खबर?

नीतीश कुमार लगातार चौथी बार बिहार के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं। रविवार को राष्ट्रीय जनतांत्रित गठबंधन (NDA) की बैठक में नीतीश कुमार को विधायक दल का नेता चुन लिया गया है। बैठक के पहले से ही कयास लगाए जा रहे थे कि नीतीश कुमार को NDA विधायक दल का नेता चुना जाएगा और वही बिहार के अगले मुख्यमंत्री होंगे। गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न हुए बिहार विधानसभा चुनावों में NDA को स्पष्ट बहुमत मिला है।

जानकारी

सुशील कुमार मोदी होंगे उप मुख्यमंत्री

पिछली बार की तरह इस बार भी सुशील मोदी बिहार के उप मुख्यमंत्री होंगे। आज की बैठक में उनके नाम पर भी सहमति बन गई। अब NDA राज्यपाल से मिलकर सरकार गठन का दावा करेगा।

औपचारिकता

शुक्रवार को नीतीश ने दिया था मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा

इससे पहले शुक्रवार को नीतीश कुमार 16वीं बिहार विधानसभा भंग करने की सिफारिश लेकर राज्यपाल से मिले और मुख्यमंत्री पद से अपना इस्तीफा सौंपा था। इसके बाद नीतीश कुमार के आवास पर भाजपा, जनता दल यूनाइटेड (जदयू), हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (HAM) और विकासशील इंसान पार्टी (VIP) के नेताओं की अनौपचारिक बैठक हुई थी। इसमें रविवार को सरकार गठन और इससे जुड़े दूसरे मुद्दों पर चर्चा करने के लिए रविवार को बैठक बुलाने पर सहमति बनी थी।

चुनाव परिणाम

क्या रहे बिहार चुनावों के नतीजे?

चुनावों में अलग-अलग पार्टियों की बात करें तो भाजपा ने 74 सीटें जीती और वह दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी। वहीं नीतीश कुमार की जदयू 43 सीटों पर जीत हासिल करने में कामयाब हुई। उसका प्रदर्शन पिछली बार के मुकाबले काफी खराब रहा है। महागठबंधन की राष्ट्रीय जनता दल (राजद) 75 सीटों के साथ इस बार सबसे बड़ी पार्टी बनी, जो पिछली बार के मुकाबले पांच कम हैं। कांग्रेस ने 19 और वामपंथी पार्टियों ने 17 सीटें जीती है।

कयास

मुख्यमंत्री नहीं बनना चाहते थे नीतीश, भाजपा ने मनाया- सूत्र

सूत्रों ने बताया कि चुनावों में जदयू के खराब प्रदर्शन को देखते हुए नीतीश कुमार मुख्यमंत्री बनने के इच्छुक नहीं थे। जदयू से ज्यादा सीटें जीतकर भाजपा वरिष्ठ सहयोगी बन गई है, लेकिन वह नीतीश को मुख्यमंत्री बनाने को तैयार है। बताया जा रहा है कि भाजपा ने नीतीश को मुख्यमंत्री बने रहने के लिए राजी किया है। भाजपा नेताओं ने बताया कि उनकी पार्टी ने नीतीश को पूरा समर्थन दिया है और वह पहले की तरह सरकार चला सकेंगे।

क्या आप जानते हैं?

सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री होंगे नीतीश कुमार

NDA द्वारा उनके नाम पर मुहर लगाने के बाद नीतीश कुमार का बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनना तय हो गया है। वो इस बार लगातार चौथी और कुल सातवीं बार सूबे के मुख्यमंत्री बनेंगे।