नंदीग्राम उपचुनाव में ममता के समर्थन के बाद कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान पुराने मामले में गिरफ्तार
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल में अगले महीने होने वाले नंदीग्राम विधानसभा उपचुनाव की लड़ाई दिलचस्प होती जा रही है। शुक्रवार को नंदीग्राम से तृणमूल कांग्रेस की उम्मीदवार संचिता प्रधान डे के नाम वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने कांग्रेस उम्मीदवार मिलन प्रधान को समर्थन देने की घोषणा की थी। इसके कुछ घंटे बाद ही पुलिस ने मिलन को एक पुराने मामले में गिरफ्तार कर लिया है। उनको शनिवार को हल्दिया कोर्ट में पेश किए जाने की संभावना है।
चुनाव
हत्या के पुराने मामले में वारंट जारी
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, नंदीग्राम से कांग्रेस उम्मीदवार पर एक पुराने हत्या मामले में आरोप लगाया गया है। उनके नाम पर वारंट भी जारी किया गया था।
मिलन को नामांकन दाखिल करने की आखिरी तारीख से एक दिन पहले गिरफ्तार किया गया है। शनिवार को मिलन को अपना नामांकन दाखिल करना था।
नामांकन की अंतिम तिथि से एक दिन पहले कांग्रेस उम्मीदवार के गिरफ्तार होने से TMC और कांग्रेस के पास नया उम्मीदवार खड़ा करने का विकल्प बचा है।
चुनाव
ममता ने नया उम्मीदवार न उतारने की घोषणा की
संचिता प्रधान द्वारा उपचुनाव से नाम वापस लेने के बाद ममता बनर्जी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा था कि वह नया उम्मीदवार खड़ा नहीं करेंगी औऱ कांग्रेस को समर्थन देंगी।
उन्होंने कहा था कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने गुरुवार को उन्हें फोन किया था और अरविंद केजरीवाल ने उनके समर्थन का संदेश पोस्ट किया था।
बता दें कि संचिता ने शुक्रवार को राज्य सचिवालय में मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी से मुलाकात के बाद अचानक नाम वापसी की घोषणा की थी।