Page Loader
टिकट न मिलने पर भड़के मुरली मनोहर जोशी, कहा- मैं नहीं करूंगा ऐलान, शाह खुद बताएं

टिकट न मिलने पर भड़के मुरली मनोहर जोशी, कहा- मैं नहीं करूंगा ऐलान, शाह खुद बताएं

Mar 26, 2019
11:25 am

क्या है खबर?

जैसे-जैसे लोकसभा चुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी के उम्मीदवारों की सूची जारी हो रही है, एक चीज साफ होती जा रही है कि पार्टी इस बार बुजुर्ग नेताओं की तुलना में युवा नेताओं पर दांव लगा रही है। लालकृष्ण आडवाणी को टिकट न मिलना इसी कड़ी का हिस्सा है। अब खबर है कि एक अन्य वरिष्ठ नेता मुरली मनोहर जोशी को भी पार्टी टिकट नहीं देने का मन मना रही है और इस बात पर जोशी भड़क गए हैं।

कारण

जोशी चाहते हैं अमित शाह खुद करें ऐलान

सोमवार को जोशी के साथ मुलाकात में संगठन महासचिव रामलाल ने उनको यह जानकारी दी। रामलाल ने उनको बताया कि पार्टी चाहते है जोशी खुद पार्टी मुख्यालय चुनाव नहीं लड़ने की घोषणा करें। लेकिन जोशी इस पर भड़क गए और कहा कि अगर पार्टी ने ऐसा फैसला लिया है तो खुद अध्यक्ष अमित शाह को उन्हें इस बारे में सूचित करना चाहिए था। उन्होंने रामलाल को साफ कर दिया कि वह मुख्यालय आकर खुद इसकी घोषणा नहीं करेंगे।

रामलाल

रामलाल दे रहे हैं वरिष्ठ नेताओं को टिकट न मिलने की जानकारी

कानपुर से मौजूदा सांसद जोशी की तरह आडवाणी और कलराज मिश्र समेत तमाम अन्य वरिष्ठ नेताओं को भी टिकट न दिए जाने की जानकारी रामलाल ने ही दी थी। उन्होंने इन नेताओं से भी खुद इसका ऐलान करने को कहा था। हालांकि आडवाणी ने भी जोशी की तरह ऐलान करने से इनकार करते हुए कहा था कि अगर पार्टी उन्हें टिकट नहीं दे रही तो शाह को खुद आगे आकर इसका ऐलान करना चाहिए।

गांधीनगर सीट

आडवाणी की जगह शाह लड़ेंगे गांधीनगर से चुनाव

गुजरात के गांधीनगर से चुनाव लड़ते आ रहे आडवाणी को इस बार यहां से टिकट नहीं दिया गया है। भाजपा की पहली सूची में उनका नाम नहीं था और उनकी जगह खुद पार्टी अध्यक्ष अमित शाह गांधीनगर से चुनाव लड़ेंगे। भाजपा को शून्य से शिखर तक पहुंचाने वाले आडवाणी का भी एक दिन टिकट कट सकता है, ये किसी ने नहीं सोचा होगा। लेकिन यही राजनीति है और यहां वक्त हमेशा किसी का नहीं रहता।