मध्य प्रदेश: पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा दतिया में आशुतोष का प्रचार करते समय रो पड़े
क्या है खबर?
मध्य प्रदेश के पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा का टिकट कटने का दुख कम नहीं हो रहा है। सोमवार को दतिया में चुनाव प्रचार के दौरान वह मंच पर ही रो पड़े। मिश्रा भाजपा उम्मीदवार आशुतोष तिवारी के नामांकन से पहले आयोजित रैली में मुख्यमंत्री मोहन यादव के साथ नजर आए। जब वह मंच पर आशुतोष के लिए वोट मांगने पहुंचे तो गला भर्रा गया और अपनी बात अधूरी छोड़कर कुर्सी पर बैठ गए, जहां मुख्यमंत्री ने उनको सांत्वना दी।
भाषण
एक-एक दरवाजे पर जाऊंगा- मिश्रा
मिश्रा ने भाषण के दौरान कहा, "16 तारीख से यहीं पर डेरा जमाएंगे। सारे कार्यकर्ताओं के साथ में दतिया के एक-एक दरवाजे पर शीश नवाऊंगा। एक-एक गांव के अंदर जाऊंगा और आशुतोष को जिताऊंगा।"
इतना कहते ही मिश्रा का गला रुंध गया और वे मंच पर अपनी जगह जाकर बैठ गए। उनकी आंखों में आंसू दिख रहे थे।
तिवारी ने करीब ढाई बजे अपना नामांकन किया, जिसमें मुख्यमंत्री यादव और मिश्रा भी मौजूद रहे।
ट्विटर पोस्ट
रो पड़े नरोत्तम मिश्रा
दतिया में भाषण देते समय रोने लगे नरोत्तम मिश्रा.
— Gyanendra Tiwari (Vistaar News) (@gyanendrat1) July 13, 2026
बोले 'एक एक दरवाजे पर जाऊँगा और आशुतोष को जिताऊँगा.'#Datia #ByElection #MadhyaPradesh #NarottamMishra pic.twitter.com/KwLtacvt4Q
कलह
दतिया उप चुनाव से पहले भाजपा में कलह
मिश्रा दतिया से 3 बार विधायक रहे हैं। शिवराज सिंह चौहान के समय मिश्रा कैबिनेट में नंबर-2 की हैसियत में थे, लेकिन 2023 विधानसभा चुनाव हारने के बाद वे हाशिये पर चले गए।
इस बार उप चुनाव में उनकी वापसी तय मानी जा रही थी, लेकिन भाजपा ने उनकी जगह तिवारी को टिकट दे दिया।
इससे दतिया समेत कई जिलों में मिश्रा के समर्थक भड़क उठे। शनिवार को यह प्रदर्शन हिंसा में बदल गया। सड़क जाम और पथराव तक हुआ।