हरियाणा: खट्टर कैबिनेट का पहला विस्तार, केवल एक महिला को मिली जगह
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के लगभग दो सप्ताह बाद मनोहर लाल खट्टर ने अपने मंत्रीपरिषद का पहला विस्तार किया है। चंडीगढ़ स्थित राजभवन में आयोजित शपथ ग्रहण समारोह में राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य ने छह कैबिनेट और चार राज्यमंत्रियों (स्वतंत्र प्रभार) को शपथ दिलाई। पिछले बार मंत्री रह चुके अनिल विज ने सबसे पहले कैबिनेट मंत्री की शपथ ली। वही कमलेश ढांडा पूरे मंत्रीपरिषद में एकमात्र महिला मंत्री है, उन्हें राज्यमंत्री की शपथ दिलाई गई।
मंत्रियों के संख्या 12 पहुंची
10 नए मंत्रियों के साथ खट्टर के मंत्रीपरिषद की संख्या 12 तक पहुंच गई है। दीवाली के दिन खट्टर ने मुख्यमंत्री और दुष्यंत चौटाला ने उप मुख्यमंत्री पद की शपथ ली थी। गुरुवार को शपथ लेने वाले मंत्रियों में भाजपा के आठ, दुष्यंत चौटाला की जननायक जनता पार्टी (JJP) का एक और एक निर्दलीय विधायक रंजीत सिंह शामिल है। बता दें, रानियां से विधायक रंजीत सिंह हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और दुष्यंत के दादा ओम प्रकाश चौटाला के भाई हैं।
दुष्यंत चौटाला सबसे युवा मंत्री
उप मुख्यमंत्री दुष्यंत चौटाला मंत्रीपरिषद में शामिल सबसे युवा मंत्री हैं। उनकी उम्र 31 साल है। उनके बाद 33 साल के पूर्व हॉकी खिलाड़ी संदीप सिंह का नाम आता है। उन्होंने राज्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। सबसे उम्रदराज मंत्री रंजीत सिंह हैं, जिनकी उम्र 73 साल है। जातीय समीकरणों की बात करें तो दुष्यंत समेत 4 जाट, मुख्यमंत्री समेत 3 पंजाबी, दो अनुसूचित जाति, एक-एक यादव, गुर्जर और ब्राह्मण को जगह मिली है।
शपथ ग्रहण समारोह की कुछ झलकियां
खट्टर की अध्यक्षता में हुई पहली कैबिनेट बैठक
नए मंत्रियों को शामिल किए जाने के बाद कैबिनेट की बैठक हुई। इसकी अध्यक्षता मुख्यमंत्री मनोहरलाल कर रहे थे। बैठक में दुष्यंत समेत सभी मंत्री मौजूद हैं। इसमें भविष्य की रणनीति पर चर्चा हुई।
ये हैं मंत्रीपरिषद में शामिल चेहरे
गुरुवार को सबसे पहले अंबाला कैंट से विधायक अनिल विज ने शपथ ली। उनके बाद जगाधरी से भाजपा विधायक कुंवरपाल गुर्जर, बल्लभगढ़ से भाजपा विधायक मूलचंद शर्मा, निर्दलीय विधायक रंजीत सिंह, लोहारू से भाजपा विधायक जेपी दलाल और बावल से भाजपा विधायक बनवारी लाल ने कैबिनेट मंत्री पद की शपथ ली। कलायत से भाजपा विधायक कमलेश ढांडा, उकलाना से JJP विधायक अनूप धानक और पिहोवा से भाजपा विधायक संदीप सिंह को राज्यमंत्री पद की शपथ दिलाई गई।
अनिल विज के पास सबसे कम संपत्ति
नए मंत्रीपरिषद की संपत्ति की बात करें तो अनिल विज के पास सबसे कम 1.17 करोड़ रुपए की संपत्ति है। वहीं लोहारू से विधायक जयप्रकाश दलाल के पास सबसे ज्यादा 76.75 करोड़ रुपये की संपत्ति है।
JJP को मिले कुल 11 विभाग
मनोहर लाल खट्टर ने दुष्यंत चौटाला को 11 विभाग सौंपे हैं। बताया जा रहा है कि JJP ने अपने लि 14 विभागों की मांग की थी, लेकिन यह स्वीकार नहीं की गई। JJP को राजस्व एवं आपात प्रबंधन विभाग, एक्साइज एंड टैक्सेसन, ग्रामीण विकास एवं पंचायत, उद्योग एवं वाणिज्य, जनस्वास्थ्य अभियांत्रिकी, खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले, श्रम एवं रोजगार, सिविल एविएशन, आर्कियोलॉजी एंड म्यूजियम, पुनर्वास और कन्सॉलिडेशन विभाग मिला है।
JJP के समर्थन से भाजपा ने बनाई सरकार
पिछले महीने घोषित हुए हरियाणा विधानसभा चुनाव के परिणामों में किसी भी पार्टी को स्पष्ट बहुमत नहीं मिला था। राज्य की सत्ता पर काबिज भाजपा बहुमत के आंकड़े से कम 40 सीटों पर रह गई थी। वहीं कांग्रेस ने 31 सीटों पर जीत दर्ज की थी और JJP को दस सीटें मिलीं। इसके बाद भाजपा ने JJP और निर्दलीय विधायकों के समर्थन से राज्य में दूसरी बार अपनी सरकार बनाई है। वहीं कांग्रेस अब विपक्ष में बैठेगी।