बेटे उदयनिधि के बचाव में उतरे एमके स्टालिन, मुख्यमंत्री विजय को 'नाकाबिल' मंत्रिमंडल को 'जोकर' बताया
क्या है खबर?
तमिलनाडु के पूर्व मुख्यमंत्री और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के प्रमुख एमके स्टालिन अपने बेटे उदयनिधि स्टालिन के बचाव में उतर आए हैं। उन्होंने मंगलवार को एक बयान जारी कर मुख्यमंत्री विजय को नाकाबिल और डमी मुख्यमंत्री बताया, जबकि मंत्रिमंडल को 'जोकर' कहा। उन्होंने कहा कि उनके बेटे ने अपने भाषण में कोई भी अभद्र भाषा का प्रयोग नहीं किया और न ही किसी का नाम लिया, अगर वह गलती करते हैं तो तुरंत माफी मांग लेते हैं।
बयान
क्या बोले एमके स्टालिन?
स्टालिन ने एक्स पर साझा बयान में कहा, "विधानसभा में विपक्ष के नेता उदयनिधि ने तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) सरकार की नाकाबिलियत को उजागर किया। नाकाबिल डमी मुख्यमंत्री कावेरी का पानी नहीं ला पाए, उन्होंने मेकेदातु बांध को रोकने के लिए भी बात नहीं की, जबकि किसान दर्द में आंसू बहा रहे हैं, मंत्री मुख्यमंत्री की एक्टिंग वाली फिल्म (जन नायक) देखकर आंसू बहा रहे हैं, तमिलनाडु में जोकर कैबिनेट बना दी गई है।"
बयान
चेन्नई में क्यों नहीं की गई जांच- स्टालिन
स्टालिन ने आगे कहा कि मुद्दे से ध्यान भटकाने के लिए उदयनिधि के घर आई पुलिस फोर्स ने उन्हें बिना सोचे-समझे गिरफ्तार कर लिया और तंजावुर ले गई।
स्टालिन ने आरोप लगाया कि यह सोची समझी साजिश थी, ताकि जब कल बजट मसौदा पेश किया जाए तो नेता प्रतिपक्ष वहां मौजूद न हों।
स्टालिन ने कहा कि अगर उदयनिधि को गिरफ्तार करना इरादा नहीं था तो उनको तंजावुर क्यों ले गए, जांच चेन्नई में भी हो सकती थी।
बयान
TVK सरकार को फासीवादी बताया
स्टालिन ने कहा कि मद्रास हाई कोर्ट का उदयनिधि को रिहा करने का आदेश TVK के फासीवादी स्वभाव पर झटका है।
उन्होंने कहा कि सत्ता में आने के बाद से मुख्यमंत्री विजय का पूरा ध्यान मंत्रियों और सरकार की आलोचना करने वालों की गिरफ्तारी की ओर है।
स्टालिन ने उदयनिधि के बचाव में कहा, "उदयनिधि ने कुछ भी बुरा नहीं कहा। उन्होंने किसी का ज़िक्र नहीं किया। उदयनिधि गलतियां नहीं करते और गलतियां करते हैं, तो तुरंत माफी मांगते हैं।"