Page Loader
सरकार गठन का दावा करने के लिए राज्यपाल से मिलेंगे मनोहर लाल खट्टर

सरकार गठन का दावा करने के लिए राज्यपाल से मिलेंगे मनोहर लाल खट्टर

Oct 24, 2019
07:51 pm

क्या है खबर?

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर राज्य में दोबारा भाजपा सरकार के गठन का दावा करने के लिए राज्यपाल सत्यदेव नारायण आर्य से मिलेंगे। कहा जा रहा है कि यह मुलाकात आज देर शाम होगी। अभी तक चुनाव आयोग ने 79 सीटों के नतीजे घोषित किए हैं, जिनमें से भाजपा को 32 पर जीत मिली है और 8 पर वो आगे चल रही है। अंतिम नतीजों का ऐलान होना अभी बाकी है।

समीकरण

भाजपा को सरकार गठन के लिए समर्थन की जरूरत

भाजपा को सरकार गठन के लिए समर्थन की जरूरत होगी। ऐसे में पहला समीकरण JJP का समर्थन लेना हो सकता है। दोनों पार्टियों की संख्या कुल मिलाकर बहुमत से पार होगी और उन्हें अन्य किसी पार्टी के समर्थन की जरूरत नहीं होगी। भाजपा ने अकाली दल के नेता प्रकाश सिंह बादल के जरिए दुष्यंत चौटाला से संपर्क साधा है। बादल और चौटाला परिवार के नजदीकी रिश्ते हैं और इसलिए भाजपा उनके जरिए संपर्क साधने की कोशिश कर रही है।

ट्विटर पोस्ट

ANI ने सूत्रों के हवाले से दी जानकारी

संभावना

JJP से भाजपा को समर्थन का आश्वासन मिलने की खबरें

अभी तक के नतीजों से साफ है कि सरकार बनाने की मुख्य लड़ाई भाजपा और कांग्रेस में है और दुष्यंत चौटाला एक किंगमेकर की भूमिका में हैं। मीडिया में ऐसी रिपोर्ट आ रही हैं कि बहुमत के आंकड़े से दूर रहने के बाद भाजपा को जननायक जनता पार्टी के समर्थन का आश्वासन मिला है। JJP की 10 सीटों के साथ भाजपा बहुमत के निशान को पार कर लेगी। इसके बाद खट्टर ने राज्यपाल से मिलने का फैसला किया है।

प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री मोदी ने दी यह प्रतिक्रिया

हरियाणा चुनावों के नतीजों पर प्रतिक्रिया देते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट किया है। उन्होंने लिखा, "हमें आशीर्वाद देने के लिए मैं हरियाणा के लोगों का धन्यवाद करता हूं। हम राज्य के विकास के लिए उसी उत्साह और समर्पण से काम करते रहेंगे। मैं हरियाणा भाजपा के मेहनती कार्यकर्ताओं के प्रयासों की सराहना करता हूं, जो हमारे एजेंडे को लोगों के बीच लेकर गए।"

दूसरा समीकरण

ऐसे भी सरकार बना सकती है भाजपा

भाजपा के पास दूसरा और आखिरी समीकरण ये है कि वो INLD और निर्दलीय उम्मीदवारों के सहयोग से सरकार बना ले। INLD के पास एक सीट है, जबकि कुल सात सीटों पर निर्दलीय उम्मीदवार हैं। अगर भाजपा 40 या इससे अधिक सीट जीतने में कामयाब रहती है और INLD और सारे निर्दलीय उम्मीदवार उसे समर्थन देते हैं तो वह सरकार बना सकती है। हालांकि ऐसा होगा, इसकी संभावना कम ही नजर आ रही है।

ट्विटर पोस्ट

हरियाणा चुनाव नतीजों पर अमित शाह की प्रतिक्रिया

कांग्रेस

कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए खेलना होगा बड़ा दांव

कांग्रेस को 31 सीटों पर जीत मिलते दिख रही है। अगर उसे हरियाणा में सरकार बनानी है तो कई समीकरण साधने होंगे। कांग्रेस को सरकार बनाने के लिए अपनी 31 सीटों के अलावा कम से कम 15 सीटों की जरूरत होगी। ऐेसे में उसे JJP के समर्थन के साथ-साथ कम से कम पांच निर्दलीय उम्मीदवारों का समर्थन चाहिए। इस हिसाब से कांग्रेस के लिए सरकार बनाने का काम टेढ़ी खीर साबित हो सकता है।