LOADING...
भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए खट्टर, रविवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

भाजपा विधायक दल के नेता चुने गए खट्टर, रविवार को लेंगे मुख्यमंत्री पद की शपथ

Oct 26, 2019
01:12 pm

क्या है खबर?

मनोहर लाल खट्टर रविवार को दो बजे हरियाणा के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। शनिवार को हुई भाजपा विधायक दल की बैठक में उन्हें सर्वसम्मति से नेता चुन लिया गया है। शनिवार को ही भाजपा राज्यपाल से मिलकर सरकार बनाने का दावा पेश करेगी। बैठक में मौजूद केंद्रीय मंत्री रविशंकर प्रसाद ने कहा, "हम राज्यपाल से मिलकर उन्हें हमें सरकार बनाने का आमंत्रण देने की मांग करेंगे। भाजपा JJP के समर्थन से सरकार बनाने जा रही है।"

जानकारी

दूसरी बार मुख्यमंत्री बनेंगे मनोहर लाल खट्टर

मनोहर लाल खट्टर लगातार दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे। रोहतक जिले के रहने वाले मनोहर लाल खट्टर ने पहली बार 2014 के विधानसभा चुनाव में करनाल से चुनाव लड़ा था। यह चुनाव जीतकर वो पहली बार मुख्यमंत्री बने थे।

ट्विटर पोस्ट

दूसरी बार हरियाणा के मुख्यमंत्री बनेंगे खट्टर

Advertisement

सफाई

गोपाल कांडा का समर्थन नहीं लेगी भाजपा

भारतीय जनता पार्टी ने सिरसा से विजयी उम्मीदवार गोपाल कांडा का समर्थन नहीं लेने का फैसला किया है। कांडा उन विजयी उम्मीदवारों में से थे, जिन्होंने सबसे पहले भाजपा का अपना समर्थन दिया था। आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोपी कांडा का समर्थन लेने के बाद भाजपा की खूब आलोचना हुई थी। किरकरी से बचने के लिए भाजपा नेता अनिल विज ने कहा कि उनकी पार्टी कांडा का समर्थन नहीं लेगी।

Advertisement

उप मुख्यमंत्री

उप मुख्यमंत्री के लिए JJP ने बढ़ाया नैना चौटाला का नाम

सरकार बनाने के लिए जननायक जनता पार्टी ने भाजपा को समर्थन दिया है। शुक्रवार रात दोनों पार्टियों के बीच इस समझौते पर मुहर लगी। भाजपा समर्थन के बदले JJP को उप मुख्यमंत्री और तीन मंत्रीपद देेगी। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, JJP ने उप मुख्यमंत्री के लिए नैना चौटाला का नाम आगे बढ़ाया है। नैना JJP प्रमुख दुष्यंत चौटाला की मां हैं और उन्होंने बाढ़ड़ा से कांग्रेस उम्मीदवार रणबीर सिंह महिंद्रा को मात दी है।

निशाना

कांग्रेस ने JJP को बताया भाजपा की B टीम

भाजपा को समर्थन देने के बाद JJP कांग्रेस के निशाने पर आ गई। कांग्रेस प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने ट्वीट किया, 'आखिर 'ढोल की पोल' खुल ही गई। जजपा-लोकदल भाजपा की 'बी' टीम थे, है और सदैव रहेंगे। जब भाजपा को समाज का बंटवारा कर सत्ता हासिल करनी हो तो कभी राजकुमार सैनी और कभी जेजेपी-लोकदल कठपुतली बन साथ खड़े हो जाएंगे। जनता अब तो असलियत जान गई है व पहचान गई है।'

जानकारी

ये रहे हरियाणा के अंतिम नतीजे

गुरुवार को जारी हुए सभी 90 विधानसभा सीटों के नतीजों में भाजपा को 40, कांग्रेस को 31, जननायक जनता पार्टी को 10, गोपाल कांडा की हरियाणा लोकहित पार्टी और इंडियन नेशनल लोकदल को एक-एक और अन्य को सात सीटें मिली हैं।

Advertisement