मणिशंकर अय्यर ने राजीव गांधी को लेकर क्या कहा, जिससे भाजपा को मिला घेरने का मौका?
क्या है खबर?
अपने बयानों से चर्चा में रहने वाले पूर्व केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी की शिक्षा को लेकर सनसनीखेज खुलासा किया है, जिससे भाजपा को नया मौका मिल गया।
अय्यर का एक वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया है, जिसमें साक्षात्कार देते नजर आ रहे हैं।
वीडियो में वह बता रहे हैं कि राजीव कॉलेज के दिनों में 2 बार फेल हुए थे, फिर भी प्रधानमंत्री बन गए, जिससे उन्हें हैरानी हुई थी।
बयान
मणिशंकर अय्यर ने क्या दिया बयान?
अय्यर ने कहा, "जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री बने तो लोगों को क्या, मुझे भी बहुत आश्चर्य हुआ। मुझे लगा कि वह एयरलाइन पायलट हैं, दो बार फेल हो चुका है। मैं उनके साथ कैम्ब्रिज में पढ़ा था। कैम्ब्रिज में फेल हो चुके हैं। कैम्ब्रिज में फर्स्ट क्लास पास होना आसान है, लेकिन फेल होना मुश्किल है क्योंकि यूनिवर्सिटी अपनी छवि बनाए रखने के लिए कोशिश करती है कि सभी पास हो जाएं, लेकिन इसके बावजूद राजीव फेल हो गए।"
विवाद
कांग्रेस नेताओं ने जताई आपत्ति
अय्यर ने आगे कहा, "यहां से राजीव लंदन के इंपीरियल कॉलेज गए, लेकिन वहां दोबारा फेल हो गए। तब मैंने सोचा कि ऐसा व्यक्ति को क्या प्रधानमंत्री बनना।"
अय्यर के बयान पर कांग्रेस नेताओं में नाराजगी दिख रही है। कांग्रेस सांसद तारिक अनवर का कहना है कि असफल होना कोई बड़ी बात नहीं, कभी-कभी सबसे अच्छे लोग भी असफल होते हैं, लेकिन राजीव राजनीति में सफल रहे।
महाराष्ट्र कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष नसीम खान ने ऐसे बयान को महत्वहीन बताया।
विरोध
भाजपा ने निशाना साधा
अय्यर के वीडियो से भाजपा को कांग्रेस को घेरने का नया मौका मिल गया है।
भाजपा IT प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने एक्स पर वीडियो साझा कर लिखा, 'राजीव गांधी को अकादमिक रूप से संघर्ष करना पड़ा, यहां तक कि कैम्ब्रिज में भी फेल हो गए, जहां पास होना आसान है। इसके बाद वे इंपीरियल कॉलेज लंदन में फेल हो गए...कई लोगों ने सवाल उठाया कि अकादमिक रिकॉर्ड वाला कोई व्यक्ति प्रधानमंत्री कैसे बन सकता है। पर्दा हटाया जाए।'
ट्विटर पोस्ट
सुनिए, मणिशंकर अय्यर का बयान
वरिष्ठ कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर ये क्या बोल रहे हैं पूर्व प्रधानमंत्री श्री राजीव गांधी जी के लिए 😳 pic.twitter.com/ypZpych0TN
— Eklavya Singh (@eklavyajpr) March 5, 2025