LOADING...
पश्चिम बंगाल में TMC में फूट की आशंका, ममता बनर्जी की बैठक से 10 विधायक गायब
ममता बनर्जी की बैठक से 10 विधायक गायब रहे

पश्चिम बंगाल में TMC में फूट की आशंका, ममता बनर्जी की बैठक से 10 विधायक गायब

लेखन गजेंद्र
May 07, 2026
10:20 am

क्या है खबर?

पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत और खुद ममता बनर्जी के चुनाव हारने के बाद तृणमूल कांग्रेस (TMC) में उथल-पुथल मची हुई है। पार्टी प्रमुख ममता ने बुधवार को अपने नवनिर्वाचित विधायकों की एक महत्वपूर्ण रणनीतिक बैठक बुलाई थी, जिसमें 10 विधायक गायब रहे। ABP के मुताबिक, पार्टी के नवनिर्वाचित 80 विधायकों में केवल 70 ही उस बैठक में शामिल हुए, जिससे पार्टी के अंदर फुट पड़ने की चर्चा शुरू हो गई।

बैठक

TMC ने विधायकों की अनुपस्थिति पर बयान जारी किया

विधायकों की अनुपस्थिति पर TMC ने अपना बयान जारी किया। पार्टी ने कहा, "मीडिया में ऐसी अटकलें लग रही हैं कि कुछ विधायक बैठक में नहीं आए। कृपया ध्यान दें, अनुपस्थित सभी विधायकों ने सूचना पहले दे दी थी। कुछ को, विशेष रूप से उत्तर बंगाल के विधायकों को, बैठक में न आने को कहा गया था।" सागरदिघी विधायक को पारिवारिक चिकित्सा इमरजेंसी और बीरभूम की विधायक काजल को हिंसा के कारण बैठक में आने से छूट दी गई थी।

चर्चा

चुनाव में हार के बाद रणनीति पर हुई चर्चा

TMC के नवनिर्वाचित विधायक कोलकाता स्थित ममता बनर्जी के आवास पर बुधवार शाम को पार्टी की हार पर चर्चा करने और आगे की रणनीति बनाने के लिए एकत्र हुए थे। बैठक में महासचिव अभिषेक बनर्जी भी मौजूद थे। पार्टी के प्रवक्ता और बेलियाघाटा के विधायक कुणाल घोष ने कहा कि भविष्य की जिम्मेदारियों से संबंधित सभी निर्णय ममता बनर्जी द्वारा ही लिए जाएंगे। उन्होंने भाजपा की जीत को उचित नहीं बताया और चुनाव प्रक्रिया में हेराफेरी का आरोप लगाया।

Advertisement

अविश्वास

पार्टी के अंदर से उठी विरोध की आवाज

TMC की हार के बाद विरोध और असंतोष की आवाज उठने लगी है। पूर्व मंत्री और क्रिकेटर मनोज तिवारी ने पूर्व वरिष्ठ मंत्री अरूप बिस्वास पर विकास कार्य लटकाने का आरोप लगाया और हार का कारण बताया। प्रवक्ता रिजु दत्ता, कृष्णेंदु नारायण चौधरी और कोलकाता के उपमहापौर अतीन घोष सहित कई नेताओं ने पार्टी के पतन के लिए अभिषेक बनर्जी की राजनीतिक प्रबंधन शैली को जिम्मेदार ठहराया। हालांकि, पार्टी ने बयान जारी कर उनको नेताओं के विचार बताए हैं।

Advertisement