ममता बनर्जी वकील की पोशाक में कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंचीं, चुनाव बाद हिंसा पर करेंगी बहस
क्या है खबर?
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री और तृणमूल कांग्रेस (TMC) की प्रमुख ममता बनर्जी गुरुवार को वकील की सफेद-काली पोशाक में कलकत्ता हाई कोर्ट पहुंची हैं। ममता कोर्ट में विधानसभा चुनावों में TMC की करारी हार के बाद शुरू हुए हिंसा के आरोपों से संबंधित एक मामले की सुनवाई पर बहस करेंगी। यह याचिका वरिष्ठ TMC नेता और अधिवक्ता कल्याण बनर्जी के बेटे शिरशन्या बनर्जी ने दायर की है, जो राजनीतिक कार्यकर्ताओं और पार्टी कार्यालयों पर हमलों से संबंधित है।
बयान
TMC ने जारी किया बयान
ममता के कोर्ट पहुंचने पर TMC ने एक्स पर एक बयान जारी किया है। पार्टी ने लिखा कि ममता बनर्जी स्वयं हाई कोर्ट पहुंचीं, ताकि भाजपा द्वारा बंगाल में चुनाव के बाद फैलाई गई व्यापक हिंसा से जुड़े मामले में बहस कर सकें। पार्टी ने लिखा कि एक बार फिर, ममता ने साबित कर दिया है कि कौन सी बात उन्हें सचमुच सबसे अलग बनाती है और वह बंगाल की जनता को उनकी जरूरत के समय कभी अकेला नहीं छोड़तीं।
ट्विटर पोस्ट
ममता बनर्जी पहुंची हाई कोर्ट
ममता बनर्जी वकील की ड्रेस में कोलकाता High Court पहुंची!
— Sadaf Afreen صدف (@s_afreen7) May 14, 2026
चुनाव के बाद हुई हिंसा और TMC कार्यालयों पर हमलों के मामले में दीदी खुद अदालत में अपना पक्ष रखेंगी!
🔥 pic.twitter.com/Z80iHfrJmx
हिंसा
चुनाव बाद हिंसा से थर्राया बंगाल
बंगाल 4 मई को चुनाव परिणाम की घोषणा होने के बाद हिंसा से थर्रा गया। भाजपा की जीत और TMC की हार के बाद अलग-अलग जिलों में 5 मौत हुई है। कोलकाता समेत कई जिलों में भाजपा और TMC कार्यकर्ताओं के बीच हुए झगड़े में तोड़फोड़, आगजनी, उपद्रव, बम हमले और हत्या की खबरें आई। सबसे चर्चित घटना 6 मई को घटी, जब अज्ञात हमलावरों ने मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के निजी सहायक चंद्रनाथ रथ की गोली मारकर हत्या कर दी।