Page Loader
महाराष्ट्र: मुंबई के पूर्व मेयर दत्ता दलवी गिरफ्तार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कहे थे अपशब्द
महाराष्ट्र में मुंबई के पूर्व मेयर दत्ता दलवी गिरफ्तार

महाराष्ट्र: मुंबई के पूर्व मेयर दत्ता दलवी गिरफ्तार, मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को कहे थे अपशब्द

लेखन गजेंद्र
Nov 29, 2023
12:05 pm

क्या है खबर?

महाराष्ट्र की राजधानी मुंबई के पूर्व मेयर और शिवसेना (उद्धव ठाकरे गुट) नेता दत्ता दलवी को बुधवार सुबह 8:00 बजे पुलिस ने विक्रोली स्थित उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया। दलवी पर आरोप है कि भांडुप में ठाकरे गुट की बैठक के दौरान उन्होंने मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे के खिलाफ अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया था। घटना की जानकारी मिलने पर शिवसैनिक भांडुप पुलिस थाने के बाहर जमा हो गए। शिवसेना सांसद संजय राउत और विधायक सुनील राउत थाने भी पहुंचे।

बयान

क्या कहा था दलवी ने?

रविवार को ठाकरे समूह द्वारा भांडुप में कोंकण निवासियों के लिए आयोजित बैठक में दलवी ने कहा, "शिंदे सरकार की स्थापना विश्वासघात की कुल्हाड़ी से हुई थी, लेकिन मुझे लगता है कि अगर दिघे साहब आज जिंदा होते तो वो एकनाथ शिंदे को कोड़े से मारते। एकनाथ शिंदे कौन थे, वह बालासाहेब के करीब आए फिर उद्धवजी के करीब आए, लेकिन बड़ा विश्वासघात। उन्होंने हिंदू हृदयसम्राट बालासाहेब के नाम का इस्तेमाल किया। क्या आप हिंदू हृदयसम्राट का मतलब जानते हैं?"

गिरफ्तारी

शिंदे समूह ने दर्ज कराई थी शिकायत

शिंदे समूह के उप-विभागीय प्रमुख भूषण पलांडे ने भांडुप पुलिस स्टेशन में दलवी पर शिंदे को गाली देने और उनको बदनाम करने शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद यह गिरफ्तारी हुई है। दलवी के खिलाफ IPC की धारा 153 (A), 153 (B), 153 (A) (1) C, 294, 504 और 505 (1) (C) सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया। बता दें, दलवी 2005 से 2007 तक भाजपा और शिवसेना गठबंधन की ओर से मुंबई के मेयर रहे हैं।