Page Loader
महाराष्ट्र: उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लोकसभा चुनाव में ली हार की जिम्मेदारी, इस्तीफे की पेशकश की
महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस ने इस्तीफे की पेशकश की

महाराष्ट्र: उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस लोकसभा चुनाव में ली हार की जिम्मेदारी, इस्तीफे की पेशकश की

लेखन गजेंद्र
Jun 05, 2024
03:57 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 में भाजपा ने महाराष्ट्र में खराब प्रदर्शन किया है। ऐसे में यहां के उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने बुधवार को हार की जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफे की पेशकश कर दी है। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा, "राज्य में मैं पार्टी का नेतृत्व कर रहा था, इसलिए भाजपा को जो नुकसान हुआ है उसकी मैं जिम्मेदारी लेता हूं। मैं विधानसभा चुनाव के लिए राज्य में भाजपा को अपना पूरा समय देना चाहता हूं।"

इस्तीफा

महाराष्ट्र में हमें अपेक्षित नतीजे नहीं मिले- फडणवीस

फडणवीस ने आगे कहा, "मैं भाजपा आलाकमान से अनुरोध करता हूं कि मुझे सरकार की जिम्मेदारी से मुक्त कर दें ताकि आगामी विधानसभा चुनाव में पार्टी के लिए कड़ी मेहनत कर सकूं। महाराष्ट्र में हमें अपेक्षित नतीजे नहीं मिले। हमें बहुत कम सीटें मिलीं। विपक्ष ने संविधान बदलने का जो नैरेटिव सेट किया, उसको हम तोड़ नहीं पाए। हमारी सीटें घट गई हैं, लेकिन मत प्रतिशत अभी भी उतना ही है।"

परिणाम

महाराष्ट्र में क्या रहा परिणाम?

48 लोकसभा सीटों वाले महाराष्ट्र में कांग्रेस सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी और 13 सीट पर जीत दर्ज कराई। इसके बाद भाजपा को 9 सीटें मिली। उद्धव ठाकरे की शिवसेना को भी 9 सीटें मिलीं, जबकि शरद पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) को 8 सीटें मिलीं। एकनाथ शिंदे की शिवसेना को 7 और अजित पवार की NCP को 1 और निर्दलीय के पास 1 सीट है। 2019 में भाजपा ने यहां 23 और शिवसेना ने 18 सीटें जीती थी।