Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: मथुरा में हेमा मालिनी की जीत की हैट्रिक, मुकेश धनगर हारे
मथुरा लोकसभा सीट पर हेमा मालिनी की जीत की हैट्रिक पर संशय

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: मथुरा में हेमा मालिनी की जीत की हैट्रिक, मुकेश धनगर हारे

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
05:13 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। केंद्र में सरकार बनाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और INDIA गठबंधन के बीच टक्कर दिख रही है। उत्तर प्रदेश की मथुरा लोकसभा सीट पर भाजपा की ओर से अभिनेत्री हेमा मालिनी ने तीसरी बार अपनी जीत दर्ज कराई है। उन्होंने कांग्रेस उम्मीदवार मुकेश धनगर को 2.68 लाख से अधिक वोटों से हराया। हेमा मालिनी मथुरा से 2014 से सांसद हैं।

चुनाव परिणाम

2019 में 2.90 लाख वोटों से जीती थीं हेमा मालिनी

मथुरा लोकसभा सीट पर 1996 में चौधरी तेजवीर सिंह ने भाजपा की ओर से खाता खोला था। इसके बाद 2004 में कांग्रेस और 2009 में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के जयंत चौधरी ने अपनी जीत दर्ज कराई थी। 2014 के चुनाव में भाजपा ने हेमा मालिनी को टिकट दिया, जिन्होंने मोदी लहर में जयंत चौधरी को 2 लाख से अधिक वोट से हराया था। 2019 के चुनाव में हेमा मालिनी ने RLD के कुंवर नरेंद्र सिंह 2.90 लाख वोट से हराया।

चुनाव

49.41 प्रतिशत हुई थी वोटिंग

मथुरा में दूसरे चरण के तहत 26 अप्रैल को मतदान हुआ था। यहां 19.20 लाख मतदाता हैं, जिनमें से 49.41 प्रतिशत ने ही अपने मतदाधिकार का उपयोग किया। इससे पहले 2019 के लोकसभा चुनाव में मथुरा में 61.07 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। कम वोटिंग प्रतिशत भी भाजपा के लिए काफी नुकसानदेय बताया जा रहा था। बता दें कि चुनाव के लिए देशभर में 10.5 लाख मतदान केंद्र बने, जिन पर 55 लाख इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन (EVM) से मतदान हुआ।