Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: मंडी से कंगना रनौत ने विक्रमादित्य को हराया
हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट से कंगना रनौत जीतीं

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: मंडी से कंगना रनौत ने विक्रमादित्य को हराया

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
02:47 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। शुरूआती रूझान में राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और INDIA गठबंधन के बीच टक्कर दिख रही है। हिमाचल प्रदेश की मंडी लोकसभा सीट पर कांग्रेस के उम्मीदवार विक्रमादित्य सिंह अपनी पारंपरिक सीट पर हार गए। उनको भाजपा उम्मीदवार और फिल्म अभिनेत्री कंगना रनौत ने करीब 72,000 वोट से हराया। इस सीट पर विक्रमादित्य की मां प्रतिभा सिंह मौजूदा सांसद हैं। विक्रमादित्य प्रदेश सरकार में कैबिनेट मंत्री हैं।

चुनाव परिणाम

कांग्रेस और पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह का गढ़ रही है मंडी सीट

मंडी सीट 1952 में अस्तित्व में आने के बाद ज्यादातर समय कांग्रेस के कब्जे में रही। कांग्रेस के दिग्गज नेता और 6 बार मुख्यमंत्री रहे वीरभद्र सिंह यहां से 3 बार सांसदी जीते हैं। उनके निधन के बाद 2013 में उनकी पत्नी प्रतिभा ने चुनाव जीता था। 2014-2019 तक मोदी लहर में यह सीट भाजपा के रामस्वरूप शर्मा ने जीती। 2021 के उपचुनाव में यह सीट प्रतिभा ने फिर जीत ली। इस बार उनके बेटे विक्रमादित्य मैदान में थे।

चुनाव

मंडी में हुआ था 73.12 प्रतिशत मतदान

लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण में 1 जून को मंडी में 73.12 प्रतिशत मतदान हुआ था। यहां कुल 13.64 लाख मतदाताओं में से 9.97 लाख ने मतदान किया था। इनमें 5.03 लाख महिलाएं थीं। हिमाचल प्रदेश में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद मंडी जिले की 10 विधानसभा सीटों में से 9 पर भाजपा काबिज है। इसलिए यहां मुकाबला और दिलचस्प था। मंडी में 33.6 प्रतिशत राजपूत, 29.85 प्रतिशत अनुसूचित जाति और 21.4 प्रतिशत ब्राह्मण जाति का वोट बैंक है।