Page Loader
लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: नागपुर से नितिन गडकरी ने लगाई जीत की हैट्रिक
नागपुर लोकसभा सीट से नितिन गडकरी ने जीत की हैट्रिक लगाई

लोकसभा चुनाव परिणाम 2024: नागपुर से नितिन गडकरी ने लगाई जीत की हैट्रिक

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2024
05:11 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव 2024 के परिणाम आना शुरू हो गए हैं। सरकार बनाने के लिए राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) और INDIA गठबंधन के बीच टक्कर दिख रही है। महाराष्ट्र में नागपुर लोकसभा सीट पर भाजपा की ओर से केंद्रीय सड़क और परिवहन मंत्री नितिन गडकरी ने जीत की हैट्रिक लगा दी हैं। वह कांग्रेस उम्मीदवार विकास ठाकरे से 1 लाख से अधिक वोटों से जीते। गडकरी यहां से 2014 से सांसद हैं।

चुनाव परिणाम

नागपुर में 1996 में पहली बार जीती थी भाजपा 

नागपुर में 1952 से अधिकतर समय कांग्रेस का कब्जा रहा है। यहां 1996 में पहली बार भाजपा के बनवारी लाल पुरोहित जीते थे, लेकिन 1998 में कांग्रेस के विलास मुत्तेमवार ने उनसे यह सीट छीन ली। उसके बाद 2014 तक लगातार मुत्तेमवार सांसद रहे। 2014 में पहली बार गडकरी यहां से सांसद बने और दिग्गज नेता मुत्तेमवार को हराया। उसके बाद 2019 में भी अपनी जीत दोहराई। इस बार INDIA गठबंधन के संयुक्त उम्मीदवार के कारण लड़ाई कठिन थी।

चुनाव

नागपुर में 49.07 प्रतिशत हुई थी वोटिंग

लोकसभा चुनाव के दौरान नागपुर में पहले चरण में 19 अप्रैल को मतदान हुआ था। इस दौरान 49.07 प्रतिशत वोटिंग हुई थी। बता दें कि 18वीं लोकसभा के सदस्यों को चुनने के लिए आम चुनाव 7 चरणों में 19 अप्रैल, 26 अप्रैल, 7 मई, 13 मई, 20 मई, 25 मई और एक जून को मतदान हुआ, जिसमें कुल 96.8 करोड़ मतदाता पंजीकृत थे। चुनाव के लिए देशभर में 10.5 लाख मतदान केंद्र बने। इस दौरान 1.50 करोड़ सुरक्षाकर्मी-अधिकारी तैनात थे।