पैलेट गन पर अमित शाह से जवाब देने की मांग, लोकसभा-राज्यसभा 2 बजे तक स्थगित
क्या है खबर?
संसद के मानसून सत्र में लगातार गतिरोध बना हुआ है। सोमवार को लोकसभा स्पीकर ओम बिरला से बातचीत के बाद विपक्ष पेपर लीक विरोधी बिल पर चर्चा के लिए तैयार हो गया था, लेकिन मंगलवार सुबह प्रश्न काल नहीं हो सका। दरअसल, विपक्षी सांसद दिल्ली में छात्रों पर चलाई गई पैलेट गन के मुद्दे पर गृह मंत्री अमित शाह का जवाब मांग रहे हैं। हंगामे के कारण राज्यसभा और लोकसभा दोनों दोपहर 2 बजे तक स्थगित कर दी गई।
हंगामा
शाह के जवाब देने के बाद शुरू होगी बहस
लोकसभा में स्पीकर बिरला ने सुबह 11 बजे कार्यवाही शुरू होते ही कॉमनवेल्थ गेम में पदक जीतने वाले खिलाड़ियों की जानकारी दी, जिसका सदन ने स्वागत किया।
इसके बाद प्रश्न काल शुरू होने से पहले कांग्रेस सांसद केसी वेणुगोपाल समेत अन्य विपक्षी सांसद गृह मंत्री से सदन में आकर जवाब देने की मांग करने लगे।
सांसदों का कहना है कि वह पेपर लीक विधेयक पर चर्चा को तैयार हैं, लेकिन छात्रों पर चली पैलेट गन पर जवाब भी चाहिए।
सदन
राज्यसभा भी 2 बजे तक स्थगित
इसके बाद स्पीकर बिरला ने सदन की कार्यवाही को 2 बजे तक के लिए स्थगित कर दिया। बिरला ने कहा कि पेपर लीक विधेयक पर 2 बजे चर्चा शुरू होगी।
राज्यसभा में भी सभापति सीपी राधाकृष्णन ने कार्यवाही शुरू की, लेकिन मात्र 6 मिनट बाद ही सभा की कार्यवाही को दोपहर 2 बजे तक के लिए स्थगित करना पड़ा।
यहां भी विपक्षी सांसद गृह मंत्री से पैलेट गन पर जवाब देने की मांग कर रहे हैं।
गतिरोध
आज होनी है पेपर लीक विरोधी बिल पर चर्चा
सदन का पिछला पूरा हफ्ता हंगामे की भेंट चढ़ गया और किसी विधेयक पर चर्चा नहीं हो पाई।
इस बीच, केंद्र सरकार लोकसभा में सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) संशोधन विधेयक, 2026 लेकर आई है, जिस पर चर्चा करनी चाहती है।
सोमवार को हंगामे के कारण सदन नहीं चला था, लेकिन स्पीकर बिरला ने विभिन्न दलों के नेताओं से पर्दे के पीछे बातचीत कर गतिरोध खत्म कर चर्चा के लिए मना लिया था।