केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री की बेटी पद्मजा ने छोड़ी भाजपा, पार्टी में शामिल होना गलती बताया
क्या है खबर?
केरलम में कांग्रेस के दिवंगत दिग्गज नेता और पूर्व मुख्यमंत्री के करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने गुरुवार को भाजपा से इस्तीफा दे दिया। उन्होंने मलयालम चैनल एशियानेट न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में कहा, "मैंने इस्तीफ़ा दे दिया है। लेकिन बहुत से लोगों को नहीं पता कि मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैंने किसी को नहीं बताया है।" उन्होंने भाजपा में शामिल होने के फैसले को बड़ी गलती बताया है।
इस्तीफा
क्या बोलीं पद्मजा
उन्होंने कहा कि वह बिना सोचे-समझे भगवा पार्टी में शामिल हो गईं थी और उन्हें लगा कि अब अपनी गलती सुधारने का समय आ गया है।
मनोरमा ऑनलाइन ने बताया कि पद्मजा ने 3 महीने पहले कांग्रेस में वापसी की कोशिशें शुरू कर दी थी और इसके लिए अपने भाई के मुरलीधरन से कांग्रेस में लौटने की इच्छा जाहिर की थी।
बताया जा रहा है कि पद्मजा कांग्रेस में शामिल होने की इच्छा जाहिर कर चुकी हैं।
पहचान
कौन हैं पद्मजा?
पद्मजा ने 3 दशक कांग्रेस में बिताया और 2001 में केरल पर्यटन विकास निगम की चेयरपर्सन रही थीं।
केरल कांग्रेस की महासचिव और त्रिशूर जिला कांग्रेस की कार्यवाहक अध्यक्ष रहीं। उन्होंने 2016 और 2021 विधानसभा में त्रिशूर से चुनाव लड़ा, लेकिन नजदीकी मुकाबले में हार गईं।
मार्च 2024 में पार्टी में मतभेद के कारण कांग्रेस छोड़ दी और भाजपा में चली गईं। 2026 के केरल चुनाव में भाजपा के टिकट पर त्रिशूर से चुनाव लड़ा, लेकिन तीसरे स्थान पर रहीं।