केरलम के मुख्यमंत्री बने वीडी सतीशन, 20 मंत्रियों के साथ ली शपथ
क्या है खबर?
केरलम में विधानसभा चुनाव होने के 15 दिन बाद कांग्रेस के वरिष्ठ नेता वीडी सतीशन ने सोमवार को मुख्यमंत्री पद की शपथ ग्रहण की। तिरुवनन्तपुरम के सेंट्रल स्टेडियम में राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने उनको पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई। सतीशन के साथ कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) के 20 विधायकों ने भी मंत्री पद की शपथ ली है। इस दौरान कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, कांग्रेस सांसद राहुल गांधी, प्रियंका गांधी और अन्य मौजूद रहे।
शपथ
सतीशन वित्त और चेन्निथला गृह विभाग संभालेंगे
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सतीशन मुख्यमंत्री होने के साथ-साथ वित्त मंत्रालय का प्रभार भी संभालेंगे। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता रमेश चेन्निथला को गृह विभाग दिया गया है। साथ ही, के मुरलीधरन, सनी जोसेफ, एपी अनिलकुमार, पीसी विष्णुनाध, रोजी एम जॉन, बिंदू कृष्णा, एम लिजू, टी सिद्दीकी, केए थुलसी और ओजे जनीश को भी मंत्रिमंडल में शामिल किया गया है। इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) से पीके कुन्हालीकुट्टी, पीके बशीर, एन शम्सुद्दीन, केएम शाजी और अब्दुल गफूर मंत्रिमंडल में रहेंगे।
पद
कांग्रेस नेताओं को मंच पर बैठने की अनुमति न मिलने से विवाद
केरलम में शपथ ग्रहण के दौरान मंच पर केवल राज्यपाल, मुख्यमंत्री और शपथ लेने वाले मंत्रियों को ही बैठने की अनुमति दी जा रही थी, जिसको लेकर लोकभवन से प्रोटोकॉल जारी हुआ था। इस पर विवाद शुरू होने के बाद इसे बदल दिया गया, जिसके बाद खड़गे, राहुल और प्रियंका समेत अन्य कांग्रेस नेताओं को भी मंच पर बैठने की अनुमति दी गई। प्रोटोकॉल को मुख्यमंत्री पद के लिए नामित नेता के आपत्ति जताने पर बदला गया है।
बहुमत
UDF को मिला है बहुमत
केरलम विधानसभा चुनाव के नतीजों में कांग्रेस के नेतृत्व वाले UDF को स्पष्ट बहुमत मिला है। UDF ने 102 सीटें जीती हैं, जो पिछली बार से 61 ज्यादा है। कांग्रेस को अकेले 63 सीटें मिली हैं। लेफ्ट डेमोक्रेटिक फ्रंट (LDF) को 35 सीटें मिली हैं और उसे पिछले चुनावों के मुकाबले 64 सीटों का नुकसान हुआ है। भाजपा ने 3 सीटें जीती हैं। केरलम में 140 विधानसभा सीटें हैं और बहुमत का आंकड़ा 71 है।