Page Loader
भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और IT प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय को कर्नाटक पुलिस का नोटिस
कर्नाटक पुलिस ने जेपी नड्डा और अमित मालवीय को नोटिस जारी किया

भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और IT प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय को कर्नाटक पुलिस का नोटिस

लेखन गजेंद्र
May 08, 2024
05:17 pm

क्या है खबर?

लोकसभा चुनाव के बीच सोशल मीडिया पर विवादास्पद सामग्री साझा करने के लिए भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा और IT प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय को कर्नाटक पुलिस ने नोटिस जारी किया है। NDTV के मुताबिक, पोस्ट को लेकर बेंगलुरु के हाई ग्राउंड्स पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है, जिसमें दोनों नेताओं के नाम शामिल हैं। कर्नाटक पुलिस के जांच अधिकारी ने उन्हें समन जारी कर पेश होने के लिए एक हफ्ते का समय दिया है।

जांच

कर्नाटक कांग्रेस ने दर्ज कराई है शिकायत

कर्नाटक में भाजपा के सोशल मीडिया अकाउंट पर 4 मई को एक एनीमेटेड वीडियो साझा किया गया, जिसके बाद कांग्रेस नेताओं ने नड्डा, मालवीय और प्रदेश अध्यक्ष बीवाई विजयेंद्र के खिलाफ मामला दर्ज कराया। कांग्रेस का आरोप है कि वीडियो को मालवीय द्वारा संचालित अकाउंट पर नड्डा और विजयेंद्र के निर्देशों के बाद अपलोड किया गया। कांग्रेस ने भाजपा नेताओं पर अशांति फैलाने और विभिन्न धर्मों के बीच दुश्मनी कराने का आरोप लगाते हुए चुनाव आयोग में भी शिकायत दी।

विवाद

किस वीडियो पर हुआ विवाद?

भाजपा के वीडियो में राहुल गांधी और सिद्धारमैया को एनीमेशन के तौर पर दिखाया गया है, जिसमें वे एक पक्षी के घोंसले में मुस्लिम लिखा अंडा रखते हैं। उस घोंसले में पहले से अनुसूचित जाति (SC), अनुसूचित जनजाति (ST) और पिछड़ा वर्ग (OBC) लिखे अंडे रखे थे। बीडियो में मुस्लिम लिखे अंडे से टोपी पहने एक पक्षी निकलता है, जिसे राहुल धन खिलाते दिख रहे हैं। बाद में वह अन्य अंडों से निकले पक्षियों को घोंसले से हटा देता है।