कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया कल देंगे इस्तीफा, 30 मई को नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण- रिपोर्ट
क्या है खबर?
कर्नाटक की राजनीति में मची उथल-पुथल के बीच बुधवार को कई मीडिया रिपोर्ट्स में बड़ा दावा किया गया है। कांग्रेस सूत्रों के हवाल से बताया गया है कि मुख्यमंत्री सिद्धारमैया गुरुवार को पद छोड़ सकते हैं और नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण शनिवार 30 मई को हो सकता है। यह खबर ऐसे समय पर आई है, जब एक दिन पहले मंगलवार को सिद्धारमैया और कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार दिल्ली में कांग्रेस नेतृत्व से मिलने आए थे।
खबर
सुबह 11 बजे इस्तीफा देंगे सिद्धारमैया
इंडिया टुडे के मुताबिक, सिद्धारमैया गुरुवार सुबह करीब 11 बजे अपना इस्तीफा दे सकते हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय के सूत्रों ने बताया कि सिद्धारमैया ने 28 मई को कर्नाटक के राज्यपाल थावरचंद गहलोत से मिलने का समय मांगा है। इससे पहले, उन्होंने गुरुवार सुबह 9 बजे बेंगलुरु स्थित अपने आवास पर कर्नाटक मंत्रिमंडल के सभी सदस्यों को नाश्ते पर बुलाया है। इस बैठक में डीके शिवकुमार भी शामिल होंगे। शिवकुमार सुबह दिल्ली से बेंगलुरु के लिए रवाना होंगे।
राजनीति
कर्नाटक प्रभारी सुरजेवाला भी बेंगलुरु में
बताया जा रहा है कि कांग्रेस महासचिव और कर्नाटक प्रभारी रणदीप सुरजेवाला भी गुरुवार को बेंगलुरु पहुंचने वाले हैं। वे ग्रेटर बेंगलुरु प्राधिकरण चुनावों से संबंधित मामलों के लिए आधिकारिक तौर पर बैठक का हिस्सा होंगे। वे कर्नाटक में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं के साथ परामर्श कर सकते हैं। न्यूज18 के मुताबिक, कर्नाटक में नए मुख्यमंत्री का शपथ ग्रहण 30 मई को होने की संभावना जताई जा रही है।
भूमिका
सिद्धारमैया को राज्यसभा भेजने की तैयारी
दिल्ली में मंगलवार को सिद्धारमैया, शिवकुमार, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, राहुल गांधी, केसी वेणुगोपाल और रणदीप सुरजेवाला की मैराथन बैठक हुई थी। बताया जा रहा है कि पार्टी नेतृत्व ने सिद्धारमैया से राज्यसभा के माध्यम से राष्ट्रीय राजनीति में कदम रखने और 2029 के लोकसभा चुनावों से पहले एक बड़ी संगठनात्मक भूमिका निभाने का आग्रह किया था। कांग्रेस नेतृत्व सिद्धारमैया को राष्ट्रीय स्तर पर पार्टी के प्रमुख OBC चेहरों के रूप में पेश करना चाहती है।