LOADING...
डीके शिवकुमार की पहली कैबिनेट बैठक: छात्रों को मुफ्त बस पास, शहर-गांवों में 'भारत जोड़ो संघ'
डीके शिवकुमार ने गुरुवार को पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए

डीके शिवकुमार की पहली कैबिनेट बैठक: छात्रों को मुफ्त बस पास, शहर-गांवों में 'भारत जोड़ो संघ'

लेखन गजेंद्र
Jun 04, 2026
07:07 pm

क्या है खबर?

कर्नाटक के नवनियुक्त मुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने गुरुवार को अपनी पहली कैबिनेट बैठक में कई बड़े फैसले लिए हैं, जिसमें छात्र और युवा पहले स्थान पर रहे। उन्होंने छात्रों के लिए मुफ्त बस पास और निजी नौकरियों के लिए रोजगार एक्सचेंज को दोबारा से शुरू करने का निर्णय लिया है। कांग्रेस सरकार शहर और गांवों में 10,000 भारत जोड़ो युवा संघ का गठन करेगी, जिसके लिए प्रत्येक इकाई को 10 लाख रुपये का अनुदान दिया जाएगा।

बयान

शिवकुमार बोले- किसानों पर केंद्रित थी चिंता, लेकिन अभी कोई फैसला नहीं लिया

शिवकुमार ने 2 घंटे की बैठक के बाद मीडिया को बताया कि बैठक में राज्य के किसानों की चिंताओं पर ध्यान केंद्रित किया गया, लेकिन कोई निर्णय नहीं लिया। उन्होंने कहा कि किसानों के मुद्दे पर सभी विशेषज्ञों से परामर्श करके नीति बनानी होगी और यह सिर्फ वादे करने की बात नहीं है, बल्कि उन्हें अमल में लाना भी जरूरी है। शिवकुमार ने कहा, "किसानों की समस्याओं का समाधान करना हमारी प्राथमिकता है।"

बैठक

अब छात्र भी कर सकेंगे मुफ्त बस सफर

उन्होंने कहा कि हमें रोजगार-शिक्षा के लिए गांवों से शहरों की ओर पलायन रोकना होगा। हमें कृषि, बागवानी और दुग्ध उत्पादन के प्रति संकीर्ण मानसिकता खत्म करना होगा। उन्होंने मुफ्त बस पास के बारे में बताया, "जब मैं दूसरे क्षेत्रों का दौरा करता था, लड़के मुझसे पूछते थे, आपने मुफ्त बस यात्रा केवल लड़कियों के लिए रखी है, हमारे लिए नहीं। इसलिए, हमने छात्रों को मुफ्त बस पास देने का निर्णय लिया है। इसके लिए छात्रों को आवेदन करना होगा।"

Advertisement

रोजगार

रोजगार एक्सचेंज और भारत जोड़ो युवा संघ

शिवकुमार ने कहा कि सरकार निजी क्षेत्र में नौकरी ढूंढ रहे युवाओं के लिए रोजगार एक्सचेंज सुविधाओं को भी पुनर्जीवित करेगी। साथ ही, 'भारत जोड़ो' के नाम पर गांवों में 10,000 युवा संघ शुरू किए जाएंगे। प्रत्येक पंचायत में एक युवा संघ होगा, जिसमें 150-200 युवा सदस्य होंगे। शहरी क्षेत्रों में वार्ड स्तर पर संघ गठित होगा। सरकार प्रत्येक संस्था को 10 लाख रुपये देगी और संघ खेलकूद, सांस्कृतिक कार्यक्रमों, नेतृत्व विकास, सामाजिक सद्भाव और युवा प्रतिभाओं को मंच देगा।

Advertisement

मुकाबला

RSS से मुकाबला करेगा भारत जोड़ो युवा संघ

कांग्रेस सरकार की इस 'भारत जोड़ो' युवा संघ को दक्षिणपंथी समूह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) और भाजपा से संबंध विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल और हिंदू जागरण जैसे समूहों से मुकाबला करने का प्रयास माना जा रहा है। दक्षिणपंथी समूहों की तरह कांग्रेस जमीनी स्तर पर कार्यक्रम चलाकर युवाओं को लामबंद करने की कोशिश करेगी। बता दें कि 'भारत जोड़ो' नाम राहुल गांधी की 'भारत जोड़ो यात्रा' से लिया गया है, जो कश्मीर से कन्याकुमारी तक निकली थी।

योजना

शहरी विकास से जुड़े 3 फैसले

शिवकुमार की कैबिनेट ने शहरी विकास से जुड़े 3 बड़े फैसले लिए हैं, जिसमें 2,500 वर्ग फुट तक की छोटी संपत्तियों को नियमित करने के लिए खिड़की खोलने की अनुमति देना है। साथ ही, बेंगलुरु से आंशिक रूप से वैध संपत्तियों को नियमित करने की योजना को पूरे राज्य में विस्तारित करने का भी निर्णय लिया है। शिवकुमार ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार की 6 गारंटी पहले की तरह काम करती रहेगी।

शासन

नई शासन व्यवस्था लाने का प्रयास- शिवकुमार

शिवकुमार ने मीडिया से कहा, "राज्य की जनता ने मुझ पर अपार विश्वास जताया है। अतीत में मुझे प्रशंसा और आलोचना दोनों का सामना करना पड़ा है। मेरा मानना ​​है कि आलोचनाएँ तो मिट जाती हैं, लेकिन काम बने रहते हैं। मैं अपने 40 वर्षों के राजनीतिक अनुभव का उपयोग राज्य में नई शासन व्यवस्था लाने के प्रयास में करूंगा।" उन्होंने सरकार की आलोचना की और गलती सुधारने का मौका दीजिए, लेकिन निराधार राजनीतिक खबरें न फैलाएं।

Advertisement