Page Loader
पाकिस्तान की कैद में भारतीय पायलट, फिर भी एयर स्ट्राइक पर राजनीति कर रहे येदियुरप्पा

पाकिस्तान की कैद में भारतीय पायलट, फिर भी एयर स्ट्राइक पर राजनीति कर रहे येदियुरप्पा

Feb 28, 2019
11:03 am

क्या है खबर?

पाकिस्तान में भारत की एयर स्ट्राइक को अभी 72 घंटे भी नहीं हुए हैं और इस पर राजनीति शुरु हो गई है। कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री और भारतीय जनता पार्टी के नेता बीएस येदियुरप्पा ने मुद्दे पर शर्मनाक बयान देते हुए कहा कि एयर स्ट्राइक के कारण भाजपा कर्नाटक में 28 में से 22 सीटें जीतने में कामयाब रहेगी। उनकी ओर से यह शर्मनाक राजनीतिक बयान तब दिया गया है, जब एक भारतीय पायलट पाकिस्तान के कब्जे में हैं।

बयान

'एयर स्ट्राइक ने मोदी लहर पैदा की'

कर्नाटक भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष येदियुरप्पा ने बुधवार को कहा कि पाकिस्तान के आतंकी शिविरों पर भारत की एयर स्ट्राइक ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पक्ष में लहर पैदा कर दी है। इसके साथ ही उन्होंने दावा किया कि इससे भाजपा को आने वाले लोकसभा चुनाव में कर्नाटक में 28 में से 22 सीटें जीतने में मदद मिलेगी। यह बात उन्होंने राज्य के चित्रदुर्ग इलाके में पत्रकारों से बातचीत करते वक्त कही।

बीएस येदियुरप्पा

कर्नाटक में 22 सीट जीतने का दावा

येदियुरप्पा ने कहा, "हर दिन भाजपा के पक्ष में लहर बनती जा रही है। पाकिस्तान के भीतर घुसकर आतंकी कैंपों को तबाह कर देने के कदम से देश में मोदी के समर्थन में लहर बनी है। इसका नतीजा आगामी लोकसभा चुनाव में नजर आएगा।" उन्होंने आगे कहा, "एयर स्ट्राइक की कार्रवाई से देश के नौजवानों में जोश भर दिया है। इससे हमें कर्नाटक में लोकसभा की 22 से ज्यादा सीटें जीतने में मदद मिलेगी।"

चुनौती

कर्नाटक में भाजपा के लिए कड़ी चुनौती है कांग्रेस-JDS गठबंधन

पिछले लोकसभा चुनाव में भाजपा ने कर्नाटक में 17 सीटें जीती थीं, लेकिन तब कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर (JDS) ने अलग रह कर चुनाव लड़ा था। इस बार कांग्रेस-JDS गठबंधन की कर्नाटक में सरकार है और दोनों ने लोकसभा चुनाव भी साथ लड़ने का फैसला लिया है। हालांकि, अभी दोनों के बीच सीट बंटवारे को लेकर फैसला नहीं हुआ है। अगर इन दोनों पार्टियों के बीच गठबंधन हुआ तो भाजपा के लिए हालात मुश्किल हो सकते हैं।