Page Loader
केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना संक्रमण से निधन, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक

केंद्रीय मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना संक्रमण से निधन, प्रधानमंत्री और राष्ट्रपति ने जताया शोक

Sep 24, 2020
09:06 am

क्या है खबर?

केंद्रीय रेल राज्य मंत्री सुरेश अंगड़ी का कोरोना वायरस के संक्रमण से निधन हो गया है। उनका पिछले दो हफ्ते से दिल्ली के AIIMS अस्पताल में इलाज चल रहा था। 65 वर्षीय अंगड़ी कोरोना वायरस के संक्रमण की वजह से जान गंवाने वाले पहले केंद्रीय मंत्री और चौथे सांसद हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद समेत तमाम बड़े नेताओं ने ट्वीट कर उनके निधन पर शोक व्यक्त किया है। आज दिल्ली में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा।

संक्रमण

11 सितंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए थे अंगड़ी

अंगड़ी को 11 सितंबर को कोरोना वायरस से संक्रमित पाया गया था और उन्होंने खुद ट्वीट कर इसकी जानकारी दी थी। लक्षण न होने के कारण वह पहले होम आइसोलेशन में ही रहे, लेकिन बाद में सांस लेने में तकलीफ होने पर उन्हें AIIMS में भर्ती कराया गया। मंगलवार को उनकी तबीयत और खराब हो गई और छाती में संक्रमण की वजह से उन्हें सांस लेने में ज्यादा दिक्कत होने लगी। बुधवार रात 8 बजे उन्होंने अंतिम सांस ली।

जानकारी

केंद्र सरकार के विभागों में आज आधा झुका रहेगा राष्ट्रीय झंडा

अंगड़ी के निधन का शोक मनाते हुए आज दिल्ली में केंद्र सरकार के सभी विभागों में राष्ट्रीय झंडा आधा झुका रहेगा। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने बुधवार रात इसकी घोषणा की। अंगड़ी के बाद उनके परिवार में उनकी पत्नी और दो बेटियां रह गई हैं।

प्रतिक्रिया

प्रधानमंत्री समेत तमाम मंत्रियों ने जताया शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने अंगड़ी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए ट्वीट किया, 'अंगड़ी एक असाधारण कार्यकर्ता थे जिन्होंने कर्नाटक में पार्टी को मजबूत करने के लिए कड़ी मेहनत की। वह एक समर्पित सांसद और प्रभावी मंत्री थे जिनका सभी सम्मान करते थे। उनका निधन बेहद दुखद है। इस दुख की घड़ी में मेरी संवेदनाएं उनके परिवार और दोस्तों के साथ है। ओम शांति।' राजनाथ सिंह और निर्मला सीतारमण समेत अन्य मंत्रियों ने भी उनके निधन पर शोक व्यक्त किया।

शोक

राष्ट्रपति ने भी जताया अंगड़ी के निधन पर दुख

वहीं राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने ट्वीट करते हुए लिखा, 'केंद्रीय मंत्री और वरिष्ठ सांसद श्री सुरेश अंगड़ी के असामयिक निधन के समाचार से स्तब्ध हूं। यह जनसेवा के क्षेत्र की, विशेष रूप से कर्नाटक के लोगों के लिए एक त्रासद हानि है। मेरी शोक-संवेदना उनके शोकाकुल परिवार, सहकर्मियों और असंख्य सहयोगियों के साथ हैं।' राष्ट्रपति ने कहा कि अंगड़ी ने अपने लोकसभा क्षेत्र और कर्नाटक के लिए बिना थके लगातार काम किया और हमेशा विनम्रता के साथ जनसेवा की।

राजनीतिक सफर

चार बार से बेलगाम के सांसद थे अंगड़ी

1955 में जन्मे अंगड़ी कर्नाटक के बेलगाम जिले से आते हैं और अपने लंबे राजनीतिक करियर में वह भाजपा में कई अहम पद संभाल चुके हैं। 1996 में वह बेलगाम भाजपा के उपाध्यक्ष बने और तभी से सफलता की सीढ़िया चढ़ते जा रहे थे। 2004 में वह पहली बार बेलगाम से सांसद चुने गए और इसके बाद 2009, 2014 और 2019 में भी यहां से जीत दर्ज की। 2019 में जीत के बाद उन्हें रेल राज्य मंत्री बनाया गया था।