LOADING...
INDIA गठबंधन ने SIR मामले पर CJI सूर्यकांत को पत्र लिखा, AAP और DMK साथ आए
INDIA गठबंधन ने SIR मामले पर CJI सूर्यकांत को पत्र लिखा

INDIA गठबंधन ने SIR मामले पर CJI सूर्यकांत को पत्र लिखा, AAP और DMK साथ आए

लेखन गजेंद्र
Jun 30, 2026
04:38 pm

क्या है खबर?

चुनाव आयोग की ओर से कराए जा रहे मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पर सवाल उठाते हुए विपक्षी INDIA गठबंधन ने मंगलवार को भारत के मुख्य न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत को पत्र लिखा है। गठबंधन की ओर से लिखे गए पत्र में 23 विपक्षी पार्टियां शामिल हैं। उन्होंने चुनाव आयोग पर 'पक्षपातपूर्ण' आचरण का आरोप लगाया है। पत्र पर आम आदमी पार्टी (AAP) और द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (DMK) के भी हस्ताक्षर हैं।

शिकायत

पत्र की प्रति साझा नहीं की गई

गठबंधन की ओर से पत्र की सामग्री अभी तक सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन विपक्ष ने SIR प्रक्रिया, मतदाता सूची संबंधी मुद्दों और चुनावों की निष्पक्षता पर चिंता जताई है। इसमें पश्चिम बंगाल और बिहार जैसे राज्यों में किए गए SIR के साथ-साथ अन्य राज्यों में चल रहे अभ्यास पर प्रकाश डाला गया है। गठबंधन के एक वरिष्ठ नेता ने कहा, "जब हरसंभव उपाय विफल हो जाता है, तो भारतीय लोकतंत्र न्यायपालिका की ओर देखता है।"

बयान

विपक्षी दल SURE पर अडिग है- जयराम रमेश

कांग्रेस संचार विभाग के प्रमुख जयराम रमेश ने पत्र भेजे जाने की पुष्टि करते हुए एक्स पर लिखा कि 8 जून को INDIA गठबंधन की बैठक में 21 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय उम्मीदवार ने हिस्सा लेकर CJI को संयुक्त पत्र भेजने का फैसला किया था। उन्होंने बताया कि आज भेजे गए पत्र पर 23 राजनीतिक दलों और एक निर्दलीय उम्मीदवार के हस्ताक्षर हैं। उन्होंने कहा विपक्षी दल SURE यानी एकजुटता, एकता और प्रतिरोध सिद्धांत पर मजबूती से अडिग हैं।

Advertisement

पत्र

INDIA गठबंधन की बैठक में लिए गए थे 5 बड़े फैसले

दिल्ली के कांस्टीट्यूशन क्लब में 8 जून को हुई बैठक में 5 बड़े फैसले लिए गए थे। बैठक में तय हुआ था कि SIR प्रक्रिया को लेकर CJI को पत्र लिखा जाएगा, जिसे मंगलवार को पूरा किया गया। साथ ही, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, किसानों-युवाओं की समस्या पर सर्वदलीय बैठक, गठबंधन की हर 2 महीने में बैठक और संसद सत्र के दौरान सुबह नेता प्रतिपक्ष के कमरे में बैठक पर सहमति बनी थी।

Advertisement

महत्व

बैठक में नहीं आए थे AAP और DMK, लेकिन हस्ताक्षर किया

तृणमूल कांग्रेस (TMC) के सांसद डेरेक ओ'ब्रायन ने एक्स पर बताया कि AAP और DMK ने भी CJI को लिखे संयुक्त पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं। बता दें, दोनों पार्टियों का पत्र पर हस्ताक्षर करना महत्वपूर्ण है क्योंकि दोनों पार्टियों ने पहले कांग्रेस के नेतृत्व वाले INDIA गठबंधन से खुद को अलग कर लिया था। DMK तमिलनाडु चुनाव के बाद कांग्रेस के तमिलगा वेत्री कड़गम (TVK) में जाने से नाराज है, जबकि AAP पंजाब चुनाव की वजह से अलग है।

Advertisement