बिहार के नए मुख्यमंत्री बनने जा रहे सम्राट चौधरी के पास कितनी है संपत्ति?
क्या है खबर?
बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद मुख्यमंत्री पद के लिए राज्य के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के नाम पर मुहर लग गई है। वह मुख्यमंत्री पद के सबसे प्रबल दावेदार थे और केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चाैहान की मौजूदगी में हुई विधायक दल की बैठक में उनके नाम पर सहमति बन गई है। इसके साथ ही बिहार में पहली बार भाजपा के हाथों में सत्ता आ गई है। आइए सम्राट की कुल संपत्ति पर नजर डालते हैं।
संपत्ति
कितनी है सम्राट की कुल संपत्ति?
सम्राट ने विधानसभा चुनाव 2025 के दौरान अपने चुनावी हलफनामे में बताया था कि उनकी कुल संपत्ति करीब 11.35 करोड़ रुपये है। चुनाव के समय उनके पास 1.35 लाख रुपये और उनकी पत्नी के पास 35,000 रुपये की नकदी थी। उनके अलग-अलग बैंक खातों में 27 लाख रुपये जमा हैं। इसी तरह उनके ओर उनकी पत्नी पास 30-30 लाख रुपये कीमत का करीब 400 ग्राम सोना है। उनकी पत्नी के पास करीब 75,000 रुपये की चांदी भी है।
जानकारी
राइफल और रिवॉल्वर भी रखते हैं सम्राट
चुनावी हलफनामे के अनुसार, सम्राट के पास 7 लाख रुपये की कीमत की एक बोलेरे कार भी है। इसके अलावा उनके पास 4 लाख कीमत की एक NP बोर राइफल, जबकि 2 लाख रुपये कीमत की एक रिवॉल्वर और उनके लाइसेंस भी हैं।
निवेश
सम्राट ने शेयरों में भी किया है मोटा निवेश
सम्राट ने शेयर बाजार में भी निवेश किया है। इसके बॉन्ड, म्यूचुअल फंड समेत इंश्योरेंस पॉलिसीज में भी करीब साढ़े 31 लाख रुपये का निवेश किया है। इसके अलावा उन्होंने PPF में 10.28 लाख रुपये निवेश किए हैं, जबकि उनके पास दो इंश्योरेंस पॉलिसी भी है। इनमें एक LIC की है, जिसमें 8 लाख रुपये, जबकि एक SBI लाइफ की है, जिसमें 1.50 लाख रुपये लगाए हैं। ऐसे में उन्हें इन निवेश से मोटा रिटर्न मिलने की संभावना है।
जमीन
सम्राट के पास है करोड़ों रुपये की अचल संपत्ति
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, सम्राट के नाम पर मुंगेर के तारापुर, मानिकपुर और खजपुरा में करीब 8 करोड़ रुपये से ज्यादा की कृषि और गैर कृषि भूमि है। उनकी पत्नी के नाम पर भी 50 लाख रुपये कीमत की कृषि भूमि है। उनकी पत्नी के नाम पर पटना में एक व्यावसायिक इमारत भी है, जिसकी कीमत 58 लाख रुपये बताई गई है। खास बात ये है कि सम्राट और उनकी पत्नी के नाम पर कोई रिहायशी संपत्ति नहीं है।