Page Loader
हिमंत सरमा ने राहुल, प्रियंका गांधी को बताया 'अमूल बेबी', बोले- इनकी बजाय गैंडे देखने जाओ
असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर विवादित बयान दिया

हिमंत सरमा ने राहुल, प्रियंका गांधी को बताया 'अमूल बेबी', बोले- इनकी बजाय गैंडे देखने जाओ

Apr 17, 2024
04:13 pm

क्या है खबर?

असम के मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी और प्रियंका गांधी को लेकर विवादित बयान दिया है। उन्होंने राहुल और प्रियंका को 'अमूल बेबी' बताते हुए कहा कि लोग उनकी बजाय बाघ और गैंडा देखना पसंद करेंगे। पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने यह बात कही। कांग्रेस ने बयान का आपत्ति जताते हुए कहा कि सरमा को ऐसे बयान नहीं देने चाहिए, जो मुख्यमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ भी हो।

बयान

सरमा ने क्या कहा?

सरमा ने अपने बयान में कहा, "असम के लोग गांधी परिवार के 'अमूल बेबीज' को देखने क्यों आएंगे? इससे अच्छा वो जंगल में घूमें और वहां अलग-अलग जानवरों को देखकर आनंद उठाएं।" उन्होंने कहा, "लोग प्रियंका गांधी को देखने क्यों आएंगे? इसकी बजाय लोग बाघों और गैंडों को देखने काजीरंगा नेशनल पार्क जाएंगे। ये उनके लिए ज्यादा फायदेमंद होगा।" उन्होंने कहा कि राहुल और प्रियंका अमूल के प्रचार के लिए बिल्कुल सही हैं, इसलिए वो अमूल बेबीज हैं।

प्रतिक्रिया

कांग्रेस ने जताई सरमा के बयान पर आपत्ति

सरमा के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए जो मुख्यमंत्री पद की गरिमा के खिलाफ हों। उन्होंने कहा, "वे कांग्रेस से भाजपा में गए हैं। भाजपा उन पर भरोसा नहीं करती, इसलिए वे ऐसी बातें करते हैं। उन्हें ऐसे बयान नहीं देने चाहिए।" बता दें, प्रियंका सोमवार को असम के जोरहाट में कांग्रेस प्रत्याशी गौरव गोगोई का प्रचार करने आई थी, जिसके बाद सरमा ने बयान दिया था।