Page Loader
हरियाणा में पक रही सियासी खिचड़ी? सैनी से नाराज इंद्रजीत ने 12 विधायकों को दावत दी
हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से नाराज राव इंद्रजीत सिंह ने 12 विधायकों को रात्रिभोज पर बुलाया

हरियाणा में पक रही सियासी खिचड़ी? सैनी से नाराज इंद्रजीत ने 12 विधायकों को दावत दी

लेखन गजेंद्र
Jul 01, 2025
06:05 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व से नाराज केंद्रीय राज्यमंत्री और गुरुग्राम से सांसद राव इंद्रजीत सिंह ने चंडीगढ़ में 12 विधायकों को रात्रिभोज पर बुलाया था, जिसकी चर्चा शुरू हो गई है। हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री और अपनी बेटी आरती राव के आवास पर रात्रिभोज 18 जून को आयोजित किया गया था, जिसमें दक्षिण हरियाणा के 12 विधायक शामिल हुए थे। इसमें एक कांग्रेस और 11 भाजपा के विधायक थे। अब राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज है।

रात्रिभोज

कौन-कौन हुआ शामिल?

राव के रात्रिभोज में चरखी दादरी के भाजपा विधायक सुनील सांगवान, बाढड़ा से उमेध पातुवास, महेंद्रगढ़ से कंवर सिंह, नारनौल से ओमप्रकाश यादव, पटौदी से बिमला चौधरी, रेवाड़ी से लक्ष्मण यादव, कोसली से अनिल यादव, बावल से डॉ कृष्ण कुमार रंगा, सोहना से तेजपाल तंवर और गुरुग्राम से भाजपा विधायक मुकेश शर्मा शामिल थे। इसमें नांगल चौधरी से कांग्रेस विधायक मंजू चौधरी भी शामिल हुई थीं, जो साफतौर पर अपनी जीत के लिए राव को श्रेय देती हैं।

चर्चा

क्या है रात्रिभोज के मायने?

राव इंद्रजीत वैसे तो समय-समय पर रात्रिभोज देते रहते हैं, लेकिन पिछले दिनों मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से उनकी खटपट के बाद इसकी ज्यादा चर्चा हो रही है। दरअसल, दक्षिण हरियाणा से आने वाले राव की कभी भाजपा के किसी मुख्यमंत्री से नहीं बनी है। पूर्व में मनोहर लाल खट्टर की सरकार में भी वह उनसे नाराज रहते थे। अब सैनी सरकार में भी उनकी नहीं सुनी जा रही है। इससे वे नाराज हैं।

राजनीति

दक्षिण हरियाणा ने भाजपा को दी है 17 सीटें

हरियाणा में कुल 90 सीटे हैं। 2024 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने कुल 48 सीटें जीती, जिसमें 17 सीटें दक्षिण हरियाणा से हैं, जो अहीरवाल बेल्ट है। यह क्षेत्र राव इंद्रजीत से प्रभावित माना जाता है। यहां से कांग्रेस ने कुल 6 सीटें जीती हैं। इसमें नांगल चौधरी सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार मंजू जीती हैं क्योंकि माना जाता है कि राव भाजपा उम्मीदवार डॉ. अभय सिंह यादव को टिकट देने के पक्ष में नहीं थे।

विरोध

राव और सैनी सरकार के बीच सब कुछ अच्छा नहीं?

15 जून के मुख्यमंत्री सैनी रेवाड़ी के राव तुलाराम स्टेडियम में आए थे। यहां राव ने उन पर भरी सभा में दबाव बनाने की कोशिश की। उन्होंने सैनी का नाम लेकर कहा, "हमने आपकी सरकार बनाई है, हमारा हक बनता है कि हमारे काम किए जाएं।" जवाब में सैनी मंच से बोले, "हम किसी जाति के नहीं बल्कि पौने 3 करोड़ लोगों के मुख्यमंत्री है, सबके विकास में कोई कसर नहीं रहेगी।" इस प्रकरण के बाद दोनों में तनातनी है।

पहचान

कौन हैं राव इंद्रजीत?

हरियाणा के पूर्व सीएम राव बीरेंद्र सिंह के बेटे राव इंद्रजीत 1977 से लेकर 2014 तक कांग्रेस में रहे हैं। इसके बाद वे भाजपा में शामिल हो गए। वे 4 बार विधायक और 7 बार सांसद रहे हैं। हरियाणा सरकार में 2 बार कैबिनेट मंत्री रह चुके हैं और केंद्र में लगातार तीसरी बार केंद्रीय राज्यमंत्री बने हैं। अहीरवाल बेल्ट में सबसे मजबूत नेता माने जाने वाले राव की बेटी आरती हरियाणा की स्वास्थ्य मंत्री हैं।