Page Loader
हरियाणा: भाजपा के घिरते ही दुष्यंत चौटाला सक्रिय, बोले- कांग्रेस को समर्थन देने को तैयार
हरियाणा में दुष्यंत चौटाला कांग्रेस को समर्थन देने को तैयार

हरियाणा: भाजपा के घिरते ही दुष्यंत चौटाला सक्रिय, बोले- कांग्रेस को समर्थन देने को तैयार

लेखन गजेंद्र
May 08, 2024
01:59 pm

क्या है खबर?

हरियाणा में भाजपा सरकार से 3 निर्दलीय विधायकों द्वारा समर्थन वापस लेने के बाद पूर्व उपमुख्यमंत्री और जननायक जनता पार्टी (JJP) के नेता दुष्यंत चौटाला सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को समर्थन देने की बात कही है। उन्होंने कहा, "भाजपा 11 कमल खिलाने की बात करती है, वो आज कमजोर हो गए हैं। नेता विपक्ष से कहना चाहता हूं कि आज गणित के अनुसार सरकार को घेरा जाता है तो हम समर्थन देंगे।"

बयान

आगे क्या बोले चौटाला?

चौटाला ने आगे कहा, "अब कांग्रेस को सोचना है कि भाजपा सरकार को घेरने के लिए क्या कदम उठाएगी। 3 विधायकों ने समर्थन वापस ले लिया और 2 विधायकों ने इस्तीफा दिया है। अब 5 विधायक बाहर हैं, जिससे साबित होता है कि भाजपा बहुमत साबित करने में विफल हैं। मैं मांग करता हूं कि मुख्यमंत्री नैतिक आधार पर इस्तीफा दें। हम राज्यपाल से आग्रह करेंगे कि भाजपा सरकार को बहुमत साबित करने के निर्देश दें।"

घटना

हरियाणा में कैसे तेज हुई सियासी हलचल?

हरियाणा विधानसभा में पिछले दिनों तब भूचाल आ गया जब निर्दलीय विधायक धर्मपाल गोंदेर (नीलोखेड़ी), रणधीर गोलान (पुंडरी) और सोमबीर सांगवान (दादरी) ने भाजपा से अपना समर्थन वापस लेकर कांग्रेस को दे दिया। भाजपा के 2 अन्य विधायक पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर और रणजीत सिंह ने लोकसभा चुनाव लड़ने के लिए विधानसभा से इस्तीफा दिया है। ऐसे में भाजपा के पास अब 38 विधायक हैं। 2 महीने पहले JJP ने भी भाजपा से अपना समर्थन वापस लिया था।

जानकारी

सरकार बनाने के लिए 45 विधायकों का चाहिए समर्थन

हरियाणा में 90 विधानसभा सीट हैं, जिनमें 2 खाली हैं। यहां सरकार बनाने के लिए 45 विधायकों का समर्थन चाहिए। अभी भाजपा के पास 40, कांग्रेस के 30, JJP के 10, निर्दलीय 6, इंडियन नेशनल लोकदल और हरियाणा लोकहित पार्टी के पास 1-1 विधायक हैं।

ट्विटर पोस्ट

सुनिए, क्या बोले दुष्यंत चौटाला