Page Loader
अनुच्छेद 370: मुख्यमंत्री खट्टर बोले- अब हरियाणा वाले भी ला सकते हैं कश्मीरी लड़की

अनुच्छेद 370: मुख्यमंत्री खट्टर बोले- अब हरियाणा वाले भी ला सकते हैं कश्मीरी लड़की

Aug 10, 2019
11:15 am

क्या है खबर?

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने जम्मू-कश्मीर को लेकर विवादित बयान दिया है। दरअसल, जम्मू-कश्मीर को दिया विशेष दर्जा समाप्त करने के बाद से ही सोशल मीडिया पर कश्मीर में जमीन खरीदने और वहां शादी करने की बातें तेजी से घूम रही है। हरियाणा के मुख्यमंत्री खट्टर ने ऐसी ही आपत्तिजनकर बात कही है। खट्टर ने कहा कि अनुच्छेद 370 कमजोर होने के बाद कश्मीर से लड़कियों को शादी के लिए लाया सकता है।

जानकारी

क्या कहा खट्टर ने?

लोगों को संबोधित करते हुए खट्टर ने कहा, "हमारे मंत्री धनखड़ कहते हैं कि वे बिहार से बहू लेकर आएंगे, पर लोग अब कहते हैं कि कश्मीर से रास्ता साफ है। हम कश्मीरी लड़कियों को लाएंगे।" उनके इस बयान से विवाद शुरू हो गया है।

विवादित बयान

पहले भी विवादित बयान दे चुके हैं खट्टर

यह पहली बार नहीं है जब खट्टर अपने बयान के कारण विवादों में हैं। इससे पहले भी कई बार उन्होंने विवादित बयान दिये हैं। बीते साल नवंबर में उन्होंने रेप को लेकर विवादित बयानबाजी की थी। तब उन्होंने कहा था कि रेप और छेड़छाड़ की 80-90 फीसदी घटनाएं जानकारों के बीच होती हैं। कपल काफी वक्‍त के लि‍ए इकट्ठे घूमते हैं, एक दिन अनबन हो जाती है तो उस दिन FIR करवा देते हैं कि इसने मेरा रेप किया है।

विवादित बयान

भाजपा विधायक भी दे चुके हैं ऐसा बयान

खट्टर अकेले ऐसा बयान देने वाले नेता नहीं है। उनसे पहले एक भाजपा विधायक भी ऐसा बयान दे चुके हैं। जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत दिए गए विशेष दर्जे को समाप्त करने के कुछ ही घंटे इन विधायक का घटिया बयान सामने आया था। उत्तर प्रदेश के खतौली से भाजपा विधायक विक्रम सैनी ने कहा था कि अनुच्छेद 370 हटने से पार्टी के कार्यकर्ता काफी खुश हैं। अब वो गोरी कश्मीरी लड़कियों से शादी कर सकेंगे।

विवादित

कश्मीर की गोरी लड़कियों से शादी करो- विधायक

लोगों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, "कार्यकर्ता बहुत उत्सुक हैं और जो कुंवारे हैं, उनकी शादी वहीं करा देंगे। पहले वहां की लड़कियां उत्तर प्रदेश के किसी छोरे से शादी कर लें तो उसकी नागरिकता रद्द हो जाती थी।" उन्होंने आगे कहा, "जो मुस्लिम कार्यकर्ता यहां बैठे हैं तो उन्हें भी खुशी मनानी चाहिए। शादी वहां करो ना कश्मीर की गोरी लड़कियों से। खुशी मनानी चाहिए उन्हें। पूरे देश के लिए यह उत्साह का विषय है।"

जानकारी

बयान में कुछ गलत नहीं कहा- विधायक

बाद में जब विधायक से उनके बयान पर प्रतिक्रिया मांगी गई तो उन्होंने कहा कि उन्होंने कुछ गलत नहीं कहा है। उन्होंने कहा, "अब कोई भी कश्मीरी लड़की से शादी कर सकता है और कोई मुद्दा नहीं बनेगा। यही मैंने कहा और यह सच है।"

अनुच्छेद 370

अब केवल भारत के नागरिक होंगे जम्मू-कश्मीर के लोग

केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर को अनुच्छेद 370 के तहत मिले विशेष राज्य के दर्जे को समाप्त कर दिया है। अब जम्मू-कश्मीर में पूरे भारत की तरह कानून लागू होंगे। पहले जम्मू-कश्मीर के अलग संविधान के कारण यहां के नागरिकों की दो नागरिकता होती थी। अब वो केवल भारतीय नागरिक हैं। पहले राज्य में राष्ट्रपति धारा 356 के तहत आर्थिक आपातकाल लागू नहीं कर सकते थे, अब ऐसा नहीं होगा। इस बारे में विस्तार से जानने के लिए यहां क्लिक करें।