Page Loader
JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन
जनता दल यूनाइटेड के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का निधन (तस्वीर: ट्विटर/@BhimArmyChief)

JDU के पूर्व अध्यक्ष शरद यादव का 75 साल की उम्र में निधन

संपादन Manoj Panchal
Jan 13, 2023
12:22 am

क्या है खबर?

जनता दल यूनाइटेड (JDU) के पूर्व अध्यक्ष और पूर्व केंद्रीय मंत्री शरद यादव का गुरुवार रात को 75 साल की उम्र में निधन हो गया। उन्होंने गुरुग्राम के फोर्टिस अस्पताल में आखिरी सांस ली। उनकी बेटी सुभाषिनी ने फेसबुक पोस्ट कर इसकी जानकारी दी है। बिहार राजनीति में अपनी अलग पहचान रखने वाले यादव के निधन की खबर से सियासी तबके में शोक की लहर है। उनकी समाजवाद वाली राजनीति ने उन्हें जनता के बीच लोकप्रिय बनाया था।

बयान

अस्पताल ने जारी किया बयान

यादव के निधन के बाद उनकी बेटी सुभाषिनी ने फेसबुक अकाउंट पर लिखा, 'पापा नहीं रहें।' वहीं फोर्टिस अस्पताल ने भी बयान जारी कर कहा, 'शरद यादव को बेहोशी की हालत में अस्पताल लाया गया था। उनमें कोई पल्स नहीं थी। प्रोटोकॉल के तहत उन्हें CPR दिया गया था। तमाम कोशिशों के बावजूद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका। रात 10:19 पर उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके परिवार के प्रति हमारी संवेदनाएं हैं।' यादव पिछले काफी समय से बीमार थे।

ट्वीट

सक्रिय राजनीति में 1974 में कदम रखा

यादव का जन्म 1 जुलाई, 1947 को मध्यप्रदेश के होशंगाबाद के बंदाई गांव में हुआ था। यादव की पढ़ाई के समय से ही राजनीति में दिलचस्पी रही। 1971 में उन्होंने अपनी इंजीनियरिंग की पढ़ाई पूरी करने के बाद कई आंदोलनों में हिस्सा लिया। वह 1974 में मध्य प्रदेश के जबलपुर से पहली बार लोकसभा के लिए चुने गए थे। छात्र राजनीति से लेकर राष्ट्रीय राजनीति में पहचान बनाने वाले यादव ने बिहार की राजनीति में बड़ा मुकाम हासिल किया।

जानकारी

केंद्रीय राजनीति में भी रहे थे सक्रिय

यादव 1999 से 2001 तक केंद्रिय नागरिक उड्डयन मंत्री रहे। 1 सितंबर, 2001 से 30 जून 2022 तक वह केंद्रीय श्रम मंत्री रहे। इसी तरह 12 जुलाई, 2002 से 15 मई, 2004 तक उपभोक्ता और सार्वजनिक वितरण मंत्री का कार्यभार संभाला था।

शोक

प्रधानमंत्री मोदी ने शोक व्यक्त किया

यादव के निधन की खबर बाहर आने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट कर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने ट्वीट में लिखा, 'शरद यादव के निधन की खबर सुनकर बहुत दुख हुआ। अपने लंबे सार्वजनिक जीवन में उन्होंने खुद को सांसद और मंत्री के रूप में प्रतिष्ठित किया। वे डॉ लोहिया के आदर्शों से काफी प्रभावित थे। मैं हमेशा हमारी बातचीत को संजो कर रखूंगा। उनके परिवार और प्रशंसकों के प्रति संवेदनाएं। ओम शांति।'

शोक

तेजस्वी यादव ने भी जताया दुख

यादव के निधन की खबर पर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) प्रमुख तेजस्वी यादव ने ट्वीट कर शोक जताया है। उन्होंने ट्वीट किया, 'मंडल मसीहा, RJD के वरिष्ठ नेता, महान समाजवादी नेता मेरे अभिभावक आदरणीय शरद यादव जी के असामयिक निधन की खबर से मर्माहत हूँ। कुछ कह पाने में असमर्थ हूँ। माता जी और भाई शांतनु से वार्ता हुई। दुःख की इस घड़ी में संपूर्ण समाजवादी परिवार परिजनों के साथ है।'